

सन्मार्ग संवाददाता
बीरभूम : बीरभूम के पाइकर गांव में छुट्टी मनाने आई 6 साल की अफरीना के लिए यह छुट्टी एक भयानक इंतजार में बदल गई है। दिल्ली के रोहिणी से अपने ननिहाल, पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले आई अफरीना अब तीन महीने से अपने माता-पिता और बड़े भाई की राह देख रही है। उसे न तो उनसे मिलने का मौका मिल रहा है और न ही फोन पर बात हो पा रही है। कक्षा दो की छात्रा अफरीना अब तक यह समझ नहीं पाई है कि आखिर उसके साथ ऐसा क्यों हो रहा है। बार-बार सवाल पूछने पर जब उसे कोई जवाब नहीं मिलता, तो वह फूट-फूट कर रोने लगती है। दरअसल अफरीना की मां सुनाली, पिता और भाई समेत 6 लोगों को दिल्ली पुलिस ने जून में "अवैध बांग्लादेशी" मानकर गिरफ्तार किया था और बांग्लादेश भेज दिया गया। वहां उन्हें भारतीय दस्तावेजों के आधार पर जेल भेज दिया।
भारतीय दस्तावेजों के बावजूद अवैध घोषित
गिरफ्तारी के समय सुनाली और उनके परिजनों ने अपने भारतीय दस्तावेज पुलिस और बीएसएफ को दिखाए, लेकिन उन्हें नकार दिया गया। बता दें कि बांग्लादेश में जब इन लोगों को भारतीय दस्तावेजाें के साथ पकड़ा गया, तो वहां की अदालत ने उन्हें विदेशी नागरिक घोषित करते हुए जेल भेज दिया।
मां के गर्भवती होने के कारण बच गई अफरीना
सुनाली उस समय गर्भवती थी और किसी भी समय डिलिवरी की उम्मीद थी। इसी कारण उनकी मां ज्योत्सना अफरीना को पहले ही बीरभूम ले आई थीं। यही कारण रहा कि अफरीना दिल्ली पुलिस की उस कार्रवाई से बच पाई। सूत्रों के मुताबिक दादी ज्योत्सना का कहना है कि हम बहुत गरीब हैं, उसके लिए चॉकलेट तक नहीं खरीद सकते। सुनाली की कमाई ही पूरे परिवार का सहारा थी। अगर सुनाली नहीं लौटी, तो हमारा गुजारा काफी मुश्किल हो जाएगा। सूत्रों के मुताबिक परिवार अब राज्यसभा सांसद समीरुल इस्लाम से मिली मदद की उम्मीद पर टिका है।