पुणे : महाराष्ट्र के पुणे से असम के गुवाहाटी जा रहा इंडिगो का एक विमान रविवार को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद लैंडिंग गियर में खराबी आने के कारण पुणे हवाईअड्डे पर लौट आया। विमान करीब 90 मिनट तक हवा में रहा। विमान में 192 लोग सवार थे हैं। एअरलाइन ने यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की।
हवाईअड्डा प्रशासन ने घोषित की थी ‘पूर्ण आपात स्थिति’
हवाईअड्डे के अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं तथा किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। उड़ान संख्या 6E 623 (VT-IZE) के पायलट द्वारा तकनीकी खराबी की सूचना दिये जाने के बाद हवाईअड्डा प्रशासन और वायुसेना ने ‘पूर्ण आपात स्थिति’ घोषित कर दी, जिसके बाद दमकल और चिकित्सा दलों को तत्काल तैनात किया गया।
विमान नौ बजकर चार मिनट पर सुरक्षित उतर गया
विमान हवाई पट्टी के ऊपर से कम ऊंचाई पर उड़ान भरने के बाद सुबह नौ बजकर चार मिनट पर सुरक्षित उतर आया। हवाई अड्डा प्राधिकरण के बयान के अनुसार किसी भी आपात स्थिति से निपटने और यात्रियों तथा चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दमकल सेवाओं, एंबुलेंस व अन्य आपात बचाव दलों को सतर्क कर दिया गया था।
एहतियाती उपाय किये गये
अधिकारियों ने बताया कि एहतियाती उपाय के तहत विमान ने रनवे के ऊपर से कम ऊंचाई पर उड़ान भरी, ताकि उसके लैंडिंग गियर की स्थिति का दृश्य निरीक्षण किया जा सके। विमान के उतरने के बाद निर्धारित आपात प्रक्रिया के तहत दमकल की तीन गाड़ियों और दो एंबुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर सात तक ले जाया गया। विमान की स्थिति सुरक्षित और सामान्य पाये जाने के बाद हवाई यातायात नियंत्रण (ATC) ने सुबह नौ बजकर 10 मिनट पर पूर्ण आपात स्थिति वापस ले ली। इसके बाद विमान से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस बीच इंडिगो ने प्रभावित यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए बेंगलुरू से एक वैकल्पिक विमान पुणे भेजने की व्यवस्था की।