इंडिगो की 180 से अधिक उड़ानें रद्द, DGCA ने एयरलाइन अधिकारियों को किया तलब

बुधवार को इंडिगो की दिल्ली से 38, बेंगलुरु से 42, मुंबई से 33, कोलकाता से 15 और हैदराबाद से 19 फ्लाइटें रद्द हुई थीं।
इंडिगो की 180 से अधिक उड़ानें रद्द, DGCA ने एयरलाइन अधिकारियों को किया तलब
Published on

हैदराबाद/ नई दिल्लीः हवाई यात्रा करने वाले भारतीय लोगों के लिए कठिन समय चल रहा है। लगातार तीसरे दिन देश की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरलाइन कंपनी इंडिगो की फ्लाइटें रद्द हो रही हैं। इंडिगो की बृहस्पतिवार दोपहर तक चालक दल की कमी सहित कई कारणों से तीन प्रमुख हवाई अड्डों से 180 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं।

हैदराबाद से उड़ान भरने वाली इंडिगो एयरलाइन की लगभग 33 उड़ानों के बृहस्पतिवार को रद्द होने की आशंका है। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के सूत्रों ने जानकारी दी है कि इसी तरह दिन के दौरान यहां आने वाली 35 उड़ानें भी रद्द हो सकती हैं। बुधवार को इंडिगो ने हैदराबाद से 19 उड़ानें रद्द की थीं, जबकि पूरे देश से 200 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई थीं। पिछले चार-पांच दिनों से रोज इंडिगो की सौ फ्लाइटें रद्द की जा रही थीं।

आज पूर्वाह्न में ही दिल्ली एयरोपोर्ट से 30 फ्लाइटें रद्द कर दी गई हैं जबकि कोलकाता एयरपोर्ट से चार फ्लाइटें रद्द करने की सूचना है। कोलकाता से इंडिगो की 24 फ्लाइटों को आगमन और उड़ान में विलंब का सामना करना पड़ा है, इनमें से दो अंतरराष्ट्रीय स्तर की उड़ानें हैं।

सभी महानगरों से इंडिगो की फ्लाइट प्रभावित

बड़े स्तर पर उड़ानों के रद्द या विलंब होने को देखते हुए द डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन ( डीजीसीए) ने इंडिगो अधिकारियों को तलब किया है। बुधवार को इंडिगो की दिल्ली से 38, बेंगलुरु से 42, मुंबई से 33, कोलकाता से 15 और हैदराबाद से 19 फ्लाइटें रद्द हो चुकी हैं। देशभर से कुल 200 से अधिक इंडिगो फ्लाइटें रद्द हुईं। इससे एयरपोर्टों पर बेतहाशा भीड़ बढ़ गयी है। यात्रियों में अफरातफरी का माहौल है। लोग काफी परेशान हुए हैं। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक इंडिगो ने एक बयान जारी कर बताया है कि केवल नवंबर महीने में ही एयरलाइन ने 1232 फ्लाइटें रद्द की हैं।

हैदराबाद एयरोपोर्ट ने सूचना जारी की

आरजीआईए ने बुधवार को एक बयान में कहा था कि एयरलाइन से संबंधित तकनीकी और परिचालन संबंधी समस्याओं के कारण हवाई अड्डे पर इंडिगो की कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जिसके परिणामस्वरूप देरी हुई और उड़ानें रद्द हुई हैं।

हवाई अड्डे ने यात्रियों से उड़ान की स्थिति की नवीनतम जानकारी के लिए सीधे इंडिगो की ग्राहक सेवा टीम से संपर्क करने का अनुरोध किया है। हालांकि, आरजीआईए ने यह भी कहा कि हवाई अड्डे पर सामान्य परिचालन जारी है।

यात्रियों ने सुनाए परेशानियों के किस्से

एक यात्री ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, "हम कल शाम छह बजे से आज सुबह नौ बजे तक 12 घंटे से अधिक समय से हैदराबाद हवाई अड्डे पर हैं, लेकिन इंडिगो ने पुणे उड़ान के संबंध में कोई कदम नहीं उठाए। इस स्थिति से काफी असुविधा हुई है।"

एक अन्य यात्री ने कहा, "आज हैदराबाद हवाई अड्डे पर पूरी तरह से अराजकता है, उड़ानें 12 से अधिक घंटों से विलंबित हैं। उन्होंने आवास न देना पड़े इसलिए हर बार 'बस दो और घंटे' कहकर समय बढ़ाया, जो बढ़ते-बढ़ते 12 घंटे तक पहुंच गया। बहाना वही रहा कि चालक दल जल्द आ रहा है। यह अस्वीकार्य है।" सांसद पी संदोस कुमार ने इंडिगो के परिचालन क्षमता को लेकर सवाल उठाया है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in