

न्यूयॉर्कः अमेरिका में एक सप्ताह से भी कम समय पहले लापता हुआ 22 वर्षीय भारतीय स्नातकोत्तर छात्र मृत पाया गया है। भारतीय दूतावास ने बताया कि कर्नाटक के रहने वाले और कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में पढ़ने वाले छात्र साकेत श्रीनिवासैया सोमवार से लापता थे।
सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने स्थानीय समयानुसार शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में छात्र के शव की बरामदगी की पुष्टि की। पोस्ट में कहा गया है, ‘‘वाणिज्य दूतावास को यह सूचित करते हुए गहरा दुख है कि स्थानीय पुलिस ने लापता भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया के शव की बरामदगी की पुष्टि कर दी है।’’
श्रीनिवासैया के प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए वाणिज्य दूतावास ने कहा कि ‘‘दूतावास परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है जिसमें स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय और पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत ले जाने की व्यवस्था करना शामिल है।’’
दूतावास ने कहा, ‘‘वाणिज्य दूतावास के अधिकारी परिवार के साथ संपर्क में हैं और सभी आवश्यक औपचारिकताओं एवं सेवाओं में उनका सहयोग करेंगे।’’ श्रीनिवासैया कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, बर्कले में मास्टर ऑफ साइंस पाठ्यक्रम की पढ़ाई करते थे। ‘बर्कले स्कैनर’ समाचार पोर्टल ने बताया था कि श्रीनिवासैया के बैग में उनका पासपोर्ट और लैपटॉप था जो पार्क हिल्स इलाके में एक दरवाजे पर मिला था। इससे पहले, स्थानीय पुलिस ने श्रीनिवासैया के बारे में जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति को स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों से संपर्क करने को कहा था।
कौन थे साकेत श्रीनिवासैया
साकेत यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले में प्रोडक्ट डेवलपमेंट प्रोग्राम (PDP) के तहत मास्टर ऑफ साइंस की पढ़ाई कर रहे थे, जो अगस्त 2025 से मई 2026 तक के लिए था। इससे पहले, उन्होंने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) मद्रास से केमिकल इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी पूरा किया, जहां उन्होंने अक्टूबर 2021 से जून 2025 तक पढ़ाई की। अमेरिका जाने से पहले, साकेत ने आईटीटी मद्रास में पॉलिमर इंजीनियरिंग और कोलाइड साइंस लैब में लगभग दो साल तक काम किया। उनके रोल में अंडरग्रेजुएट रिसर्चर (सितंबर 2024 - मई 2025) और यंग रिसर्च फेलो (सितंबर 2023 - अगस्त 2024) के तौर पर काम शामिल था।
उन्होंने सितंबर 2023 से जून 2024 तक यूनिलीवर में यंग रिसर्च फेलो के तौर पर भी काम किया। साकेत ने मई 2024 से जुलाई 2024 तक हैदराबाद में डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज में रिसर्च एंड डेवलपमेंट इंटर्न के तौर पर काम किया। पढ़ाई के अलावा, साकेत आईटीटी मद्रास में स्टूडेंट इनिशिएटिव में भी गहराई से शामिल थे।
लिंक्डइन प्रोफाइल में क्या लिखा है
उनकी लिंक्डइन प्रोफाइल में लिखा था, "मैं यूसी बर्कले में केमिकल और बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में मास्टर्स स्टूडेंट हूं, और आईआईटी मद्रास से अंडरग्रेजुएट डिग्री ली है। मुझे सॉफ्ट और एक्टिव मटीरियल, सेमीकंडक्टर और एडवांस्ड मटीरियल में डीप-टेक इनोवेशन का पैशन है।"