भूकंप से तबाह वेनेजुएला के लिए भारत ने भेजी मेडिकल टीम

भारतीय सेना के 41 जवानों की विशेष टीम रवाना, BHISHM Cube के जरिए 200 मरीजों तक मिलेगा अत्याधुनिक इलाज
भूकंप से तबाह वेनेजुएला के लिए भारत ने भेजी मेडिकल टीम
Published on

नई दिल्ली: वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद भारत ने मानवीय सहायता का हाथ बढ़ाया है। भारतीय सेना ने राहत और बचाव अभियान के लिए एक विशेष मेडिकल टीम को वेनेजुएला रवाना किया है।

ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत भारतीय सेना की 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल की मेडिकल टीम शुक्रवार को हिंडन एयर फोर्स स्टेशन से रवाना हुई। यह टीम भारतीय वायुसेना के दो विमानों के जरिए वेनेजुएला पहुंच रही है।

41 सदस्यीय मेडिकल टीम संभालेगी मोर्चा

भारतीय सेना की इस विशेष टुकड़ी में कुल 41 सदस्य शामिल हैं, जिनमें 9 मेडिकल अधिकारी भी हैं। टीम को आपातकालीन चिकित्सा, गंभीर चोटों का इलाज, जीवन रक्षक सर्जरी और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार किया गया है।

टीम अपने साथ करीब 6 टन मेडिकल सामान और मानवीय सहायता सामग्री लेकर जा रही है, जिसे विदेश मंत्रालय की ओर से उपलब्ध कराया गया है।

BHISHM Cube बनेगा आपदा में जीवनरक्षक अस्पताल

इस मिशन की सबसे बड़ी खासियत है कि भारतीय टीम अपने साथ BHISHM Cube भी ले जा रही है। यह भारत के आरोग्य मैत्री प्रोजेक्ट के तहत विकसित अत्याधुनिक, स्वदेशी और तेजी से तैनात किया जा सकने वाला मॉड्यूलर मेडिकल सिस्टम है।

BHISHM Cube को कुछ ही समय में एक पूर्ण फील्ड अस्पताल में बदला जा सकता है। इसमें ट्रॉमा केयर, इमरजेंसी सर्जरी, ICU सपोर्ट और जरूरी इलाज की सुविधा उपलब्ध है।

यह सिस्टम एक साथ 200 मरीजों तक इलाज पहुंचाने में सक्षम है। इसमें पोर्टेबल वेंटिलेटर, मरीज मॉनिटरिंग सिस्टम, डायग्नोस्टिक उपकरण, सर्जिकल किट, बिजली उत्पादन और ऑक्सीजन सपोर्ट जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।

भारत की ‘मानवीय सहायता’ नीति का हिस्सा

भारतीय सेना का यह अभियान संकट के समय मित्र देशों की मदद करने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ऑपरेशन अमिस्ताद के जरिए भारत ने एक बार फिर दिखाया है कि आपदा की घड़ी में वह वैश्विक स्तर पर राहत और चिकित्सा सहायता पहुंचाने के लिए तैयार है।

वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और राहत एजेंसियां लगातार बचाव एवं पुनर्वास कार्यों में जुटी हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in