

नई दिल्लीः प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध को गंभीर बताते हुए कहा कि यह लंबा चला तो आना वाला समय काफी कठिन हो सकता है, लेकिन उन्होंने देश को आश्वासन दिया कि लोगों की परेशानी कम करने के लिए सरकार हर संभव कदम उठाएगी। पीएम मोदी ने आज राज्यसभा में अपने संबोधन के दौरान विस्तार से पश्चिम एशिया संकट पर अपने विचार रखे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं सदन और देश को आश्वासन देना चाहता हूं कि भारत के पास क्रूड ऑयल के पर्याप्त स्टोरेज और निरंतर सप्लाई की व्यवस्थाएं हैं। हमारी सरकार की कोशिश है कि ईंधन के किसी एक ही स्रोत पर ज्यादा निर्भरता न रहे। सरकार घरेलू गैस सप्लाई में LPG के अलावा PNG पर भी बल दे रही है। बीते वर्षों में सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि हर सेक्टर में दूसरे देशों पर निर्भरता कम से कम हों। हम ज्यादा से ज्यादा आत्मनिर्भर हों... यही एकमात्र विकल्प है।
उन्होंने कहा कि भारत का प्रयास है कि तेल हो, गैस हो, फर्टिलाइजर्स हो... ऐसे हर जरूरी सामान से जुड़े जहाज भारत तक सुरक्षित पहुंचे। कोई भी संकट हो, हमारे हौसलों और प्रयास दोनों की परीक्षा लेता है। देश ऐसे संकटों का बेहतर तरीके से सामना कर सके, इसके लिए बीते 11 वर्षों में निरंतर निर्णय लिए गए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान संकट ने पूरी दुनिया की इकोनॉमी को हिला दिया है। अभी तक पश्चिम एशिया में जो नुकसान हुआ है उसे रिकवर होने भी दुनिया को बहुत समय लगेगा। भारत पर इसका कम से कम दुष्प्रभाव हो... इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हमारे इकोनॉमी का फंडामेंटल बहुत मजबूत है।
भारतीय जहाजों के सुरक्षित आवागमन का प्रयास
पीएम ने आगे कहा कि कमर्शियल जहाजों पर हमला और हॉर्मुज स्ट्रेट जैसे अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में रुकावट अस्वीकार्य है। भारत ने नागरिकों पर, सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर पर, एनर्जी और ट्रांसपोर्ट से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों का विरोध किया है। भारत डिप्लोमेसी के जरिए युद्ध के इस माहौल में भी भारतीय जहाजों के सुरक्षित आवागमन के लिए सतत प्रयास कर रहा है। भारत ने इस समस्या के समाधान के लिए संवाद का ही रास्ता सुझाया है। युद्ध की शुरुआत के बाद से मैंने पश्चिम एशिया के ज्यादातर देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ दो राउंड फोन पर बात की है। हम गल्फ के सभी देशों के साथ लगातार बातें कर रहे हैं। हम ईरान, इजराइल और अमेरिका के साथ भी संपर्क में हैं। हमारा लक्ष्य, डायलॉग और डिप्लोमेसी के माध्यम से क्षेत्र में शांति की बहाली का है।
गल्फ के एक करोड़ भारतीयों की चिंता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, हॉर्मुज स्ट्रेट में दुनिया के अनेक जहाज फंसे हैं। उनमें बहुत बड़ी संख्या में भारतीय क्रू मेंबर्स हैं। ये भी भारत के लिए बड़ी चिंता का विषय है। ऐसी विकट परिस्थिति में आवश्यक है कि भारत की संसद के इस उच्च सदन से शांति और संवाद की एकजुट आवाज पूरे विश्व में जाए। पश्चिम एशिया में चल रहे इस युद्ध को तीन सप्ताह से अधिक का समय हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस युद्ध ने पूरे विश्व में गंभीर ऊर्जा संकट पैदा कर दिया है। भारत के लिए भी ये स्थिति चिंताजनक है। इस युद्ध से हमारे व्यापार के रास्ते प्रभावित हो रहे हैं। इससे पेट्रोल, डीजल, गैस और फर्टिलाइजर्स जैसे जरूरी सामान की सप्लाई प्रभावित हो रही है। गल्फ के देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, वहां काम करते हैं। उनके जीवन और आजीविका की सुरक्षा भी भारत के लिए बहुत बड़ी चिंता है।
पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था प्रभावित
पश्चिम एशिया संकट को लेकर पीएम मोदी ने चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान संकट ने पूरी दुनिया की इकोनॉमी को हिला दिया है। अभी तक पश्चिम एशिया में जो नुकसान हुआ है उसे रिकवर होने भी दुनिया को बहुत समय लगेगा। भारत पर इसका कम से कम दुष्प्रभाव हो... इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हमारे इकोनॉमी का फंडामेंटल बहुत मजबूत है। जैसे भारत का 90 प्रतिशत से अधिक ट्रेड विदेशी जहाजों पर होता है। ये स्थिति किसी भी वैश्विक संकट में भारत की स्थिति को और भी गंभीर बना देती है। इसलिए सरकार ने मेड इन इंडिया जहाज बनाने के लिए करीब 70 हजार करोड़ रुपए का अभियान शुरू किया है। बीते वर्षों में सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि हर सेक्टर में दूसरे देशों पर निर्भरता कम से कम हों। हम ज्यादा से ज्यादा आत्मनिर्भर हों... यही एकमात्र विकल्प है।