

बगोटाः कोलंबिया के प्यूर्तो लेग्विजामो में सोमवार को एक सैन्य विमान उड़ान भरने के थोड़ी देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे कम से कम 66 लोगों की मौत हो गई। कोलंबिया के सशस्त्र बलों के प्रमुख जनरल ह्यूगो अलेजांद्रो लोपेज बरेटो ने कहा, ‘‘दुर्भाग्यवश, इस भयावह दुर्घटना में हमारे 66 सैन्यकर्मियों की मौत हो गई।’’ उन्होंने कहा कि चार सैन्यकर्मी लापता हैं। विमान में सैनिकों समेत कुल 121 लोग सवार थे।
इससे पहले प्यूर्तो लेग्विजामो के उपमहापौर कार्लोस क्लेरोस ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा कि शवों को शवगृह ले जाया गया है और घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्यूर्तो लेग्विजामो इक्वाडोर और पेरु से सटे पुतुमायो प्रांत में स्थित है।
रक्षा मंत्री पेद्रो सांचेज ने ‘एक्स’ पर कहा कि सैनिकों को पुतुमायो प्रांत के एक अन्य शहर ले जाया जा रहा था। कोलंबिया के मीडिया संस्थानों की ओर से जारी तस्वीरों में घटनास्थल पर धुएं का गुबार उठता हुआ दिख रहा है। वायुसेना ने कहा कि हर्क्यूलिस सी-130 विमान में 110 सैनिक और चालक दल के 11 सदस्यों समेत कुल 121 लोग सवार थे।
कोलंबिया वायुसेना के कमांडर कार्लोस फर्नांडो सिल्वा ने कहा कि दुर्घटना कैसे हुई, इसके बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि केवल यह पता चला है कि विमान में कुछ दिक्कत आई और यह हवाई अड्डे से लगभग दो किलोमीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।