हॉकरों का बढ़ता दबाव, चुनाव बाद नगर निगम करेगा कार्रवाई

अतिक्रमण के मकड़जाल में घिरा शहर, पैदल चलना हुआ मुश्किल
हॉकरों का बढ़ता दबाव, चुनाव बाद नगर निगम करेगा कार्रवाई
Published on

तेजी से बढ़ रही है खाने-पीने के सामान बेचने वाले ठेलों की संख्या

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : महानगर में फेरीवालों और हॉकरों द्वारा किये गये अतिक्रमण की समस्या एक बार फिर गंभीर होती जा रही है। कोलकाता नगर निगम (KMC) को हाल के दिनों में इस संबंध में कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। विशेष रूप से, बर्ट्राम स्ट्रीट, हुमायूं प्लेस और जवाहरलाल नेहरू रोड जैसे व्यस्त क्षेत्रों में अतिक्रमण लगातार बढ़ रहा है। शिकायतों के अनुसार, ओबेरॉय ग्रैंड होटल के सामने पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए विशेष कॉरिडोर पर भी धीरे-धीरे फेरीवालों का कब्जा हो रहा है। इससे राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए KMC ने निगरानी अभियान शुरू कर दिया है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण फिलहाल बड़े पैमाने पर कार्रवाई संभव नहीं है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अतिक्रमण हटाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

फुटपाथों पर बढ़ता कब्जा, हादसों का बढ़ा खतरा

नगर निगम सूत्रों के अनुसार, रोजाना नये फेरीवाले अपने स्टॉल लगा रहे हैं, जिनमें खाने-पीने के सामान बेचनेवाले ठेलों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसके कारण फुटपाथों पर चलना मुश्किल हो गया है और लोग सड़कों पर चलने के लिए मजबूर हो रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। गौरतलब है कि कुछ समय पहले KMC और पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन यह प्रयास अल्पकालिक साबित हुआ। हटाए जाने के तुरंत बाद ही फेरीवाले दोबारा उसी स्थान पर लौट आए। वहीं, नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि टाउन वेंडिंग कमेटी के नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in