लगातार बारिश ने बढ़ाईं मुश्किलें, बंगाल में येलो अलर्ट जारी

बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई इलाकों में जलजमाव
लगातार बारिश ने बढ़ाईं मुश्किलें, बंगाल में येलो अलर्ट जारी
Published on

भारी बारिश ने ट्रैफिक की रफ्तार पर लगाया ब्रेक

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य में बारिश का सिलसिला फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। शनिवार को लगातार भारी बारिश होने के कारण राज्य के कई इलाकों में जलजमाव और ट्रैफिक जाम जैसी गंभीर समस्याएं देखने को मिलीं। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, मानसूनी ट्रफ और नमी के कारण वीकेंड पर उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। मौसम के इस मिजाज से तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ उमस भरी बेचैनी भी बढ़ गई है।

दक्षिण बंगाल में आज हल्की से मध्यम बारिश संभव

दक्षिण बंगाल में आज यानी रविवार को कोलकाता सहित उत्तर व दक्षिण 24 परगना, हुगली और बर्धमान में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान के आसार हैं। हालांकि बारिश कम होने से उमस बढ़ेगी, लेकिन सोमवार से बारिश फिर जोर पकड़ेगी। मंगलवार और बुधवार को बीरभूम, मिदनापुर, बांकुड़ा और मुर्शिदाबाद में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। गुरुवार से पूरे राज्य में भारी बारिश की चेतावनी टलने के आसार हैं। वहीं दूसरी ओर उत्तर बंगाल के जिलों में मौसम का मिजाज काफी बिगड़ा हुआ है। रविवार को 5 जिलों के साथ कूचबिहार में भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना बनी हुई है। सोमवार और मंगलवार को जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर व कूचबिहार में भारी बारिश जारी रह सकती है।

जलजमाव से सड़कों पर धीमी हुई रफ्तार

लगातार हो रही बारिश से महानगर के कई निचले इलाकों और आसपास के क्षेत्रों में जलजमाव जैसी स्थिति देखने को मिली। साल्ट लेक, सियालदह, ईएम बाईपास, बेहला, सेंट्रल एवेन्यू, धापा, टेंगरा समेत कई इलाकों में जलजमाव से जनजीवन प्रभावित हुआ। पानी जमा होने से ट्रैफिक की रफ्तार थम गई। जलजमाव के साथ बढ़े ट्रैफिक दबाव ने ऑफिस जाने वाले लोगों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी। कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in