

लंबित अपीलों का निपटारा शीघ्र
जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता के जीएसटी अपीलेट ट्राइब्यूनल का उद्घाटन शनिवार को किया गया। जीएसटीएटी के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार मिश्रा ने इसका उद्घाटन किया। इस ट्राइब्यूनल के गठन से व्यापारियों को राहत मिलेगी। ट्राइब्यूनल नहीं होने के कारण उन्हें जीएसटी मामले में हाई कोर्ट में अपील दायर करनी पड़ती थी।
त्रिपुरा हाई कोर्ट के पूर्व जस्टिस एस जी चट्टोपाध्याय इसके उपाध्यक्ष होंगे। पूर्व जिला जज एवं झारखंड हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार के पद से सेवानिवृत्त सुनील कुमार सिंह इसके न्यायिक सदस्य होंगे। भुवनेश्वर जोन के सीजीएसटी एंड सेंट्रल एक्साइज के चीफ कमिश्नर के पद से सेवानिवृत्त विजय कुमार कर इसके टेक्निकल सदस्य होंगे। इसके गठन से उन व्यापारियों को राहत मिलेगी जिनकी अपील लंबित है। इससे पहले ट्राइब्यूनल नहीं होने के कारण उन्हें हाई कोर्ट में अपील करनी पड़ती थी। इससे उनकी सुनवाई सहज हो जाएगी। इस ट्राइब्यूनल में तीन बेंच होंगे। उपाध्यक्ष प्रशासनिक प्रमुख होंगे और आवश्यकता पड़ने पर बेंच की अध्यक्षता भी करेंगे। टैक्स एडवोकेट्स एसो. ऑफ बंगाल के सचिव सिद्धार्थ मुखोपाध्याय ने इस पहल का स्वागत किया है। इसके साथ ही सेंट्रल टैक्स बार एसो. के महासचिव शक्तिपद दे, पूर्व मिदनापुर टैक्स बार एडवोकेट्स के सचिव अभिजीत माइती और कमर्सियल टैक्स प्रैक्टिशनर्स एसो. की सहायक सचिव बुलबुली बसु ने कहा कि इससे व्यापारियों को राहत मिलेगी।