तेज प्रताप ने दीपक प्रकाश को मंत्री बनाये जाने पर किन शब्दों में कसा तंज?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निशाने पर लिये हैं तेज प्रताप
तेज प्रताप यादव
तेज प्रताप यादव
Published on: 

पटनाः राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र एवं जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) संस्थापक तेज प्रताप यादव ने राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के पुत्र दीपक प्रकाश को बिना चुनाव लड़े मंत्री बनाये जाने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसा है।

तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘सासाराम में जमानत जब्त कराने वाले निर्दलीय प्रत्याशी रामनारायण पासवान के काउंटिंग एजेंट (मतगणना एजेंट) बने दीपक प्रकाश बिना चुनाव लड़े नीतीश सरकार में मंत्री बन गए। है ना मोदी-नीतीश का जादू?’’

दीपक प्रकाश रहे थे एक काउंटिंग एजेंट

तेज प्रताप यादव ने अपनी पोस्ट में दीपक प्रकाश के परिचय पत्र की तस्वीर भी डाली है। इसके अनुसार दीपक प्रकाश सासाराम विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार रामायण पासवान के ‘काउंटिंग एजेंट’ थे। पासवान को पूरी चुनाव प्रक्रिया में केवल 327 वोट मिले और उनकी जमानत जब्त हो गई। इसी सीट से दीपक की मां स्नेहलता कुशवाहा राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बनीं। चुनाव के दौरान दीपक की मां स्नेहलता कुशवाहा के उम्मीदवार होने और बेटे के ‘काउंटिंग एजेंट’ रहने की चर्चा पहले ही राजनीतिक गलियारों में सुर्खियों में रही थी।

दीपक प्रकाश के मंत्री बनने से विवाद

सरकार बनने के बाद दीपक प्रकाशके मंत्री पद की शपथ लेने के पश्चात विवाद और गहरा गया। शपथ ग्रहण समारोह में दीपक प्रकाश के जींस, शर्ट और चप्पल पहनकर पहुंचने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आयी थीं, जिसके बाद विपक्ष ने इसे ‘‘परिवारवाद की पराकाष्ठा’’ बताते हुए हमला तेज कर दिया। मंत्री बनने के बाद जब पत्रकारों ने दीपक प्रकाश से सवाल किया तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनके पिता एवं पार्टी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा से सवाल किया जाए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in