अपूर्णता ही हर कहानी की खूबसूरती है : इम्तियाज अली

सुनाया अपने फिल्मी सफर का दिलचस्प किस्सा
'लेडीज़ स्टडी ग्रुप' द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अभिनेत्री ऋताभरी चक्रवर्ती के साथ फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली
'लेडीज़ स्टडी ग्रुप' द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अभिनेत्री ऋताभरी चक्रवर्ती के साथ फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली
Published on

कोलकाता : प्रख्यात हिंदी फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली ने कहा कि अच्छी कहानी वही होती है, जो इंसानी भावनाओं और अपूर्णताओं को ईमानदारी से अभिव्यक्त करे। उनके अनुसार, "टूटन" कोई कमजोरी नहीं, बल्कि हर व्यक्ति और हर कहानी की सबसे बड़ी खूबसूरती होती है।

कोलकाता के आईटीसी रॉयल बंगाल में लेडीज़ स्टडी ग्रुप द्वारा आयोजित "बिहाइंड द लेंस, बियॉन्ड द स्क्रीन" कार्यक्रम में अभिनेत्री ऋताभरी चक्रवर्ती के साथ संवाद के दौरान इम्तियाज ने अपने फिल्मी सफर और रचनात्मक सोच को साझा किया।

उन्होंने कोलकाता के प्रति अपना विशेष लगाव व्यक्त करते हुए वरिष्ठ निर्देशक बरुण रॉय को अपनी शुरुआती प्रेरणाओं में से एक बताया। अपनी हालिया विभाजन-आधारित फिल्म "मैं वापस आऊंगा" का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस फिल्म में हिंसा के बजाय मानवीय रिश्तों और संवेदनाओं को केंद्र में रखा गया है।

इसके लिए उन्होंने विभाजन के प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत कर उनके अनुभवों को समझने का प्रयास किया। इम्तियाज ने रणबीर कपूर, दिलजीत दोसांझ और ए.आर. रहमान के साथ काम करने के अनुभव भी साझा किए।

दर्शकों के सवालों के जवाब में उन्होंने भारतीय सिनेमा में महिलाओं की बदलती भूमिका, भाषा और संस्कृति के महत्व तथा रवींद्रनाथ ठाकुर की रचनाओं के प्रति अपने गहरे लगाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समय के साथ टैगोर की कविताओं और गीतों के प्रति उनका जुड़ाव लगातार गहरा होता गया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in