उलूबेड़िया में सड़कों पर अवैध बाइक पार्किंग से बढ़ी परेशानी !

अदालत और जेल के पास अव्यवस्था,मुख्य व वैकल्पिक मार्गों पर लगा रहता है जाम, राहगीर परेशान
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो REP
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : उलूबेड़िया शहर में सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से बाइक पार्क करने की आदत आम जनता के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। विशेष रूप से उलूबेड़िया अदालत और उप-संशोधनागार (जेल) के पास स्थित दो मुख्य सड़कों पर रोजाना दर्जनों दोपहिया वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। मेदिनीपुर नहर के पूर्वी किनारे वाली सड़क गौरहाटा को जोड़ती है, जहां रजिस्ट्री कार्यालय और स्कूल होने से सुबह से दोपहर तक भारी भीड़ रहती है। राष्ट्रीय राजमार्ग और फुलेश्वर स्टेशन को जोड़ने वाली दूसरी सड़क पर भी बैंकों और स्कूलों के कारण दिनभर ट्रैफिक रहता है। इन दोनों वैकल्पिक मार्गों पर अवैध पार्किंग के चलते राहगीरों, ऑटो और टोटो चालकों को निकलने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

पुलिस कार्रवाई के बाद भी फिर बनी पुरानी स्थिति, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश

त्योहारी सीजन (दुर्गा पूजा) के दौरान मुख्य मार्ग पर दबाव बढ़ने से इन वैकल्पिक रास्तों का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ने पहले नोटिस जारी कर अवैध पार्किंग रोकने की कोशिश की थी, लेकिन कुछ दिनों बाद स्थिति फिर जस की तस हो गई। हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सड़कों पर अवैध पार्किंग की इजाजत किसी भी हाल में नहीं दी जाएगी और इस समस्या से निपटने के लिए जल्द ही पुलिस सख्त कदम उठाएगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in