IIEST शिवपुर में नये बॉयज हॉस्टल का मुख्यमंत्री कर सकते हैं उद्घाटन

110 करोड़ की लागत से तैयार हुआ 10 मंजिला हॉस्टल, 1200 छात्रों की होगी क्षमता
New 10 Storey Boys Hostel at IIEST Shibpur to be Inaugurated
फाइल फोटो Picasa
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : आईआईईएसटी, शिवपुर में 16 अगस्त को नये बॉयज हॉस्टल का उद्घाटन होने जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी कर सकते हैं। लंबे समय से हॉस्टल की कमी से जूझ रहे संस्थान के लिए इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संस्थान के निदेशक वीएमएसआर मूर्ति के मुताबिक नये हॉस्टल के शुरू होने के बाद आईआईईएसटी में छात्रों और छात्राओं के लिए आवासीय क्षमता करीब 75 से 80 फीसदी तक बढ़ जाएगी। करीब 110 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 10 मंजिला हॉस्टल में कुल 656 कमरे हैं। इनमें 360 सिंगल, 88 डबल और 208 ट्रिपल ऑक्यूपेंसी कमरे शामिल हैं। करीब 1200 छात्रों की क्षमता वाले इस हॉस्टल में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, डबल प्लंबिंग सिस्टम और गर्म पानी के लिए सोलर पैनल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। हॉस्टल का नाम श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर रखा गया है। यहां मुख्य रूप से तीसरे और चौथे वर्ष के छात्रों के साथ कुछ पीजी छात्रों को रखने की योजना है।

ऐतिहासिक हॉलों की पहचान बदलने पर विरोध

नये हॉस्टल के शुरू होने के बाद पुराने हॉलों को लेकर भी हालांकि छात्रों में क्षोभ देखा जा रहा है। हॉस्टल नंबर 13 को पहले ही गर्ल्स हॉस्टल में बदला जा चुका है, जबकि वुल्फेंडेन हॉल को भी छात्राओं के लिए इस्तेमाल करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा रिचर्डसन, मैकडोनाल्ड, सेन और सेनगुप्ता हॉल के भविष्य को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। छात्रों और पूर्व छात्रों के एक वर्ग का कहना है कि छात्राओं के लिए हॉस्टल सुविधा को बढ़ाना जरूरी है, लेकिन संस्थान के ऐतिहासिक हॉलों की पहचान और विरासत को खत्म करके नहीं। पूर्व छात्रों ने पुराने हॉलों की पहचान और स्वरूप सुरक्षित रखने की मांग को लेकर ऑनलाइन हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया गया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in