'मैं नस्लवादी नहीं हूं', आलोचनाओं पर बोले एलन मस्क; पार्टनर और बच्चों का दिया उदाहरण

The Economist को दिए इंटरव्यू में नस्लवाद और धार्मिक पक्षपात के आरोपों पर दी सफाई, क्रिस्टोफर नोलन पर भी साधा निशाना
'मैं नस्लवादी नहीं हूं', आलोचनाओं पर बोले एलन मस्क; पार्टनर और बच्चों का दिया उदाहरण
Published on

नई दिल्ली: टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने अपने ऊपर लगने वाले नस्लवाद (Racism) के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। The Economist को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि उनकी पार्टनर आधी भारतीय हैं और उनके साथ उनके चार बच्चे हैं, जिनमें से एक का नाम भारतीय मूल के प्रसिद्ध भौतिक विज्ञानी के सम्मान में रखा गया है।

इंटरव्यू के दौरान जब उनसे कहा गया कि "लोग आपको नस्लवादी कहते हैं", तो मस्क ने जवाब दिया, "मेरी पार्टनर आधी भारतीय हैं। हमारे चार बच्चे हैं और उनमें से एक का नाम एक प्रसिद्ध भारतीय भौतिक विज्ञानी के नाम पर रखा गया है।"

भारतीय मूल के वैज्ञानिक के नाम पर रखा बेटे का नाम

एलन मस्क की पार्टनर शिवोन ज़िलिस आधी भारतीय मूल की हैं और कनाडा में पली-बढ़ी हैं। उनके एक बेटे का मिडिल नेम 'सेखर' रखा गया है, जो भारतीय-अमेरिकी नोबेल पुरस्कार विजेता भौतिक विज्ञानी सुब्रह्मण्यन चंद्रशेखर के सम्मान में रखा गया है। शिवोन ज़िलिस 2017 से मस्क की एआई कंपनी Neuralink से जुड़ी हैं और फिलहाल ऑपरेशंस एवं स्पेशल प्रोजेक्ट्स की निदेशक हैं।

'मेरी कंपनियों में हर नस्ल के लोग हैं'

मस्क ने कहा कि उनकी कंपनियों में सभी नस्लों के लोग वरिष्ठ पदों पर काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, "मैं नस्लवादी नहीं हूं। मेरी कंपनियों में हर नस्ल के वरिष्ठ अधिकारी हैं। मुझे नहीं लगता कि वहां किसी तरह का नस्लवाद है।"

ट्रंप प्रशासन में भूमिका पर भी बोले

इंटरव्यू में मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में Department of Government Efficiency (DOGE) के प्रमुख के रूप में अपनी भूमिका पर भी बात की। उन्होंने स्वीकार किया कि वह इस काम में कुछ ज्यादा ही उलझ गए थे।

मस्क ने कहा, "सच कहूं तो मैं इसमें कुछ ज्यादा ही शामिल हो गया था। अगर दोबारा मौका मिलता तो मैं सरकारी काम के बजाय अपनी कंपनियों पर ज्यादा ध्यान देता।"

'कट्टर विचारों का विरोध करता हूं'

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह मुस्लिम विरोधी हैं, तो मस्क ने कहा कि वह किसी धर्म के नहीं बल्कि ऐसे विचारों के खिलाफ हैं जो किसी देश के मूल्यों के विपरीत हों।

उन्होंने कहा कि वह बलात्कार, हत्या और ऐसे कानूनों के खिलाफ हैं जो पश्चिमी देशों के स्वीकार्य मूल्यों के विपरीत हों।

क्रिस्टोफर नोलन पर साधा निशाना

हाल ही में एलन मस्क ने फिल्म निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन पर भी हमला बोला था। उन्होंने नोलन को "एंटी-व्हाइट रेसिस्ट" बताते हुए आरोप लगाया कि फिल्म The Odyssey में विविधता (Diversity) को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक तथ्यों से समझौता किया गया।

मस्क ने विशेष रूप से ऑस्कर विजेता अभिनेत्री लुपिता न्योंगो को हेलन ऑफ ट्रॉय की भूमिका में लिए जाने पर आपत्ति जताई। उनका दावा था कि होमर के मूल महाकाव्य में हेलन का वर्णन गोरी और सुनहरे बालों वाली महिला के रूप में किया गया है।

मस्क ने यह भी कहा कि उनकी एआई कंपनी xAI का वीडियो टूल Grok Imagine इस साल के अंत तक The Odyssey का एक "ऐतिहासिक रूप से सटीक" फिल्म संस्करण तैयार करेगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in