खड़दह के युवाओं ने बिहार से भागे बच्चे को बचाया, परिवार से कराया मिलन

Humanity Prevails: Khardah Youths Rescue Missing Child from Bihar, Reunite with Father.
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

खड़दह: उत्तर 24 परगना जिले के खड़दह इलाके से मानवता को गौरवान्वित करने वाली एक सुखद खबर सामने आई है। यहाँ के कुछ स्थानीय युवाओं की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण बिहार के जमुई से भागकर आए एक 10 वर्षीय मासूम को सुरक्षित उसके पिता के पास पहुँचा दिया गया है।

घटना बीते गुरुवार की है, जब टीटागढ़ के 16 नंबर वार्ड स्थित माहिष्यपाड़ा इलाके में बीटी रोड पर एक बच्चे के साथ मारपीट की खबर सामने आई। उस समय पास के ही एक क्लब में मौजूद स्थानीय युवकों ने जब देखा कि एक छोटे बच्चे को पीटा जा रहा है, तो वे तुरंत मौके पर पहुँचे और उसे भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला। पूछताछ के दौरान पता चला कि बच्चा बिहार के जमुई (जामुइया) इलाके का रहने वाला है और वह घर से भागकर यहाँ पहुँच गया था।

युवाओं की तत्परता और पुलिस का सहयोग

युवाओं ने बच्चे को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर सबसे पहले उसके परिवार का पता लगाने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे के पिता सर्वन माझी से संपर्क स्थापित किया गया। इसके बाद युवकों ने खड़दह थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी और बच्चे को उन्हें सौंप दिया ताकि कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे घर भेजा जा सके।

बेटे को पाकर भावुक हुए पिता

शुक्रवार को पुलिस और स्थानीय युवाओं की उपस्थिति में बच्चे को उसके पिता के हवाले कर दिया गया। लंबे समय के इंतजार और डर के बाद अपने कलेजे के टुकड़े को सही-सलामत देखकर पिता सर्वन माझी की आँखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने खड़दह के उन युवाओं और बंगाल पुलिस का बार-बार आभार व्यक्त किया। अनजान शहर में एक दूसरे राज्य के बच्चे को सुरक्षित बचाकर उसके घर तक पहुँचाने के इस कार्य की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in