अन्नपूर्णा योजना के लिए उमड़ी भारी भीड़, डाकघर पहुंचे मंत्री

बारासात मुख्य डाकघर में उमड़ी भीड़ से मच गयी थी अफरा-तफरी
Huge Rush for Annapurna Scheme Aadhaar Link; Minister Ashok Kirtania Visits Post Office
फाइल फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात: पश्चिम बंगाल में आगामी 1 जून से शुरू होने वाली 'अन्नपूर्णा योजना' के तहत महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 3 हजार की राशि भेजी जानी है। इस सरकारी लाभ को पाने के लिए बैंक खातों का आधार कार्ड (डीबीटी) से लिंक होना अनिवार्य किया गया है। इसी सिलसिले में सोमवार की सुबह से ही उत्तर 24 परगना के बारासात मुख्य पोस्ट ऑफिस के बाहर महिलाओं और आम जनता की भारी भीड़ जमा हो गई। इस भीड़ में 'सीएए' के तहत नागरिकता के लिए आवेदन जमा करने आए लोग भी शामिल थे, जिससे डाकघर परिसर में भारी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। काम की धीमी गति और लंबे इंतजार से परेशान लोगों ने डाकघर प्रबंधन के खिलाफ जमकर अपना गुस्सा निकाला। स्थिति बिगड़ती देख राज्य के खाद्य एवं सहकारिता मंत्री अशोक कीर्तनिया तुरंत बारासात डाकघर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद आम लोगों से बात कर उनकी शिकायतें सुनीं और फिर डाकघर के अधीक्षक के साथ बैठक की।

मंत्री ने अधिकारियों को दिए व्यवस्था सुधारने के निर्देश

मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि सरकार की नीति लक्ष्मी भंडार से अन्नपूर्णा योजना में सुचारू रूप से ट्रांसफर करने की है। उन्होंने डाकघर अधिकारियों को काम में तेजी लाने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तुरंत अतिरिक्त काउंटर (Counters) खोलने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, सीएए आवेदकों की स्क्रूटनी के नाम पर हो रही कथित प्रताड़ना की शिकायतों पर मंत्री ने कहा कि मामूली कमियों या सिर्फ ज़ेरॉक्स (फोटोकॉपी) कॉपी न होने के बहाने लोगों को वापस न लौटाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि आधार लिंकिंग या किसी भी अन्य प्रक्रिया के दौरान आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी या उत्पीड़न का सामना न करना पड़े।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in