

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बशीरहाट : बशीरहाट के हासनाबाद थाना अंतर्गत नोआपाड़ा इलाके में बुधवार की रात एक कारखाने के गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग कारखाने की दूसरी मंजिल पर स्थित गोदाम में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख होने का अनुमान है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस समय आग लगी, गोदाम के अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। आसपास के लोगों ने सबसे पहले गोदाम की खिड़कियों से आग की लपटें और काला धुआं निकलते देखा। अनहोनी की आशंका में ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाया और स्थानीय स्तर पर आग बुझाने के प्रयासों में जुट गए।
आग लगते ही तुरंत दमकल विभाग और हसनाबाद थाने को सूचित किया गया। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि 2 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी दमकल की एक भी गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। प्रशासन की इस कथित लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। दमकल के अभाव में ग्रामीणों ने एकजुट होकर बाल्टियों और पंप के पानी से आग पर काबू पाने की कोशिश की।
हालांकि पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि गोदाम में रखा कच्चा माल और मशीनें काफी हद तक जल गई हैं। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, इस अग्निकांड में कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।