निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के लिलुआ, बेलगछिया, सालकिया और मंदिरतला समेत विभिन्न इलाकों में पेयजल की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। उनका आरोप है कि इन इलाकों में संकरी गलियों में जल का दबाव (प्रेशर) इतना कम है कि मुख्य सड़कों से संकरी गलियों तक पानी पहुंच ही नहीं पा रहा। इससे वे लोग परेशानी में पड़ गये हैं।
कम प्रेशर से रोजमर्रा के काम ठप, पानी खरीदने को मजबूर लोग
कम प्रेशर की वजह से छोटे पाइपों के जरिए घरों के नल तक पानी न पहुँचने से सबसे ज्यादा परेशानी मुख्य मार्ग से दूर स्थित संकरी गलियों के परिवारों को हो रही है। खाना बनाने, पीने, स्नान करने और कपड़े धोने जैसे दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अचानक पानी रुकने से बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों वाले घरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं और कई परिवारों को बाहर से पीने का पानी खरीदने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
नगर निगम का तर्क, जल बोर्ड न होने से नागरिक परेशान
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम में लंबे समय से निर्वाचित बोर्ड न होने के कारण उनकी बुनियादी शिकायतों की सुनवाई नहीं हो पा रही है। दूसरी ओर, हावड़ा नगर निगम के अनुसार गर्मी में मांग बढ़ने के कारण आपूर्ति पर असर पड़ा है, जिसकी जांच की जा रही है। निगम का दावा है कि किसी भी प्रकार के व्यवधान की पूर्व सूचना दी जाती है, लेकिन लोग जल्द से जल्द इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।