

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: उलूबेड़िया नगरपालिका के 22 नंबर वार्ड स्थित रवींद्र भवन परिसर में एक अस्थायी सफाईकर्मी पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में सफाईकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बाउड़िया के रामेश्वरनगर का निवासी शैलेंद्र दास रवींद्र भवन के बाहर खड़ा होकर कथित रूप से गाली-गलौज कर रहा था। उसी समय वहां अस्थायी सफाईकर्मी अर्जुन मंडल काम कर रहा था। आरोप है कि जब अर्जुन ने परिसर में गाली-गलौज करने का विरोध किया, तो शैलेंद्र आपा खो बैठा। उसने पास रखी लोहे की रॉड उठाई और अर्जुन के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
सिर पर चोट लगने से अर्जुन लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। घटना को देख आस-पास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल अर्जुन मंडल को उलूबेड़िया उप-जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस बीच, आक्रोशित भीड़ ने भागने की कोशिश कर रहे आरोपी शैलेंद्र को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही उलूबेड़िया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शैलेंद्र दास को हिरासत में ले लिया, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।