हावड़ा में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, कई रास्ते रहें बंद

रविवार की रात 9 बजे तक जीटी रोड पर भारी वाहनों में है रोक
Howrah Traffic Restrictions Imposed Till Sunday Night: GT Road Routes Diverted
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: लिलुआ स्थित वर्कशॉप ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम को लेकर हावड़ा सिटी पुलिस ने इलाके में कड़े यातायात प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया। ट्रैफिक विभाग द्वारा जारी निर्देश 4, 5 और 6 सितंबर तक प्रभावी रहेंगे।

भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध

पुलिस प्रशासन के अनुसार, 4 और 6 सितंबर को सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक सभी प्रकार के मालवाहक (भारी) वाहनों और हाइड्रोलिक क्रेन की आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहेगी। विशेष रूप से निमतला क्रॉसिंग से बाली जीटी रोड, बालीखाल और बामुंडांगा आइलैंड से बाली जीटी रोड की तरफ जाने वाले मार्गों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा लिलुआ स्टेशन रोड क्रॉसिंग, बेलूर, बेलूर बाजार, लाला बाबू शायर रोड और गिरीश घोष रोड पर भी भारी वाहनों का प्रवेश नियंत्रित किया गया है।

टोटो और ई-रिक्शा के रूट बदले

स्थानीय यातायात को सुगम बनाने के लिए टोटो और ई-रिक्शा के परिचालन में भी बदलाव किया गया है। जैस्वाल क्रॉसिंग से बालीखाल तथा लिलुआ फ्लाईओवर से एमसीकेवाई मोड़ के बीच जीटी रोड पर दोनों दिशाओं में इनके चलने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। वहीं ''ए'' रोड, बनारस रोड और गोशाला रोड से लिलुआ फ्लाईओवर की ओर जाने वाले वाहनों को जरूरत के अनुसार डायवर्ट किया जा रहा है। लिलुआ फ्लाईओवर से मतवाला चौक की तरफ जाने वाली निजी कारों की आवाजाही पर भी नियंत्रण लागू है। हावड़ा सिटी पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भीड़ के दबाव को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक रास्तों की ओर भेजा जा रहा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए वे वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in