

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: टिकियापाड़ा इलाके में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति ने चार मंजिला इमारत की कार्निश पर चढ़कर आत्महत्या करने का प्रयास किया। वह ऊपर से नीचे कूदने की धमकी दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बचा लिया।
घटना दोपहर करीब तीन बजे ईस्ट-वेस्ट बाइपास रोड के पास स्थित एक बहुमंजिला इमारत में हुई। व्यक्ति को कार्निश से खिड़की पर उतरते और कूदने की धमकी देते देख स्थानीय लोगों ने तुरंत बाटरा थाने को सूचित किया। मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने एहतियात के तौर पर नीचे सुरक्षा जाल बिछाया। इसी बीच, ऊपरी मंजिल के निवासियों ने सूझबूझ दिखाते हुए खिड़की से उसे गमछे से बांध दिया ताकि वह गिर न सके।
मानसिक अवसाद के चलते उठाया कदम, घटना का वीडियो वायरल
दमकल कर्मियों ने सीढ़ी के सहारे ऊपर पहुंचकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा, जिसके बाद उसे थाने ले जाया गया। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के कारण सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई और यातायात ठप हो गया, जिसे बाद में दासनगर ट्रैफिक गार्ड ने सामान्य कराया। पुलिस के अनुसार, व्यक्ति मानसिक अवसाद से ग्रसित है।