हावड़ा में एस्बेस्टस शीट घर पर गिरी, बच्चा घायल !

Child Injured as Asbestos Sheet Roof Collapses in Shibpur Amid Rain
एस्बेस्टर शीट गिरने से घर की टाली की छत टूटी, घर में भरा पानी
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : मंगलवार की दोपहर आई तेज आंधी और बारिश ने शिवपुर थाना क्षेत्र के संतासी मोड़ इलाके में एक गरीब परिवार की मुश्किलें बढ़ा दीं। इलाके के हिंदी हाई स्कूल की छत पर लगा एस्बेस्टस ढांचा तेज हवाओं के कारण क्षतिग्रस्त होकर पास के एक टाली के घर पर जा गिरा। हादसे में घर की छत बुरी तरह टूट गई और घर के अंदर मौजूद एक बच्चे के पैर में चोट लग गई। घटना के समय गृहिणी पुष्पा मिश्रा अपने दो बच्चों के साथ घर में थी। अचानक एस्बेस्टस शीट और ईंटों के टुकड़े गिरने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया गया। हालांकि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन परिवार गहरे सदमे में है। एस्बेस्टस गिरने से घर की टाली वाली छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे बारिश का पानी सीधे घर के अंदर घुस गया।

आंधी व तेज बारिश से शहर की रफ्तार थमी

बिस्तर, कपड़े, राशन और अन्य घरेलू सामान भीगकर खराब हो गए। अब परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। पीड़िता पुष्पा मिश्रा का कहना है कि वह बहुत गरीब है और इसी छोटे से घर में अपने बच्चों के साथ रहती है। उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाते हुए कहा कि बरसात के मौसम में उनके पास रहने के लिए कोई सुरक्षित जगह नहीं बची है। स्थानीय निवासियों ने भी प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, सुरक्षित आवास और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को इस संकट से उबारा जा सके। इसके साथ ही मंगलवार को तेज बारिश व आंधी से हावड़ा के कई इलाकों में पेड़ गिर पड़े। साथ ही जलजमाव ने भी शहर में यातायात की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in