हावड़ा : होटल और लॉज की सुरक्षा को लेकर विशेष जांच दल करेगा निरीक्षण !

मंत्री ने गठित की ‘विशेष टीम’ , करीब 200 होटल-लॉज पर नजर,कई पुराने आवासीय भवनों में चल रहा कारोबार !
Howrah Station Hotels Under Scanner: Special Team to Inspect Safety Compliance
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा स्टेशन से सटे इलाकों में वर्षों पुराने आवासीय भवनों को होटल और लॉज में बदलकर चलाए जाने का मामला सामने आया है। नगर निगम के अनुमान के अनुसार, स्टेशन के आसपास छोटे-बड़े मिलाकर करीब 200 होटल और लॉज हैं। इनमें से कई भवन 50 वर्ष से अधिक पुराने बताए जाते हैं और उनकी अग्नि-सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कई होटलों में न तो आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक सीढ़ियां हैं और न ही पर्याप्त अग्निशमन उपकरण। संकरी सीढ़ियां, पुराने और लटकते बिजली के तार, फायर अलार्म, स्प्रिंकलर तथा होज पाइप जैसी सुविधाओं का अभाव संभावित खतरे को बढ़ा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि डबसन लेन और आसपास कई पुराने आवासीय भवनों में एक से अधिक होटल व लॉज संचालित हो रहे हैं।

फायर लाइसेंस और अग्निशमन व्यवस्था की होगी जांच

इस मामले में उत्तर हावड़ा के विधायक एवं नगर विकास राज्य मंत्री उमेश राय ने कहा कि हावड़ा स्टेशन क्षेत्र में लंबे समय से होटल व्यवसाय चल रहा है और अधिकांश प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तथा फायर लाइसेंस की जांच जरूरी है। इसके लिए एक विशेष टीम गठित की गई है, जो होटल और लॉज की समग्र सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करेगी। जानकारों की मानें तो कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत की घटना के बाद हावड़ा स्टेशन क्षेत्र के होटलों की सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से शीघ्र जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in