अंतरराष्ट्रीय स्तर का बस टर्मिनस अब हावड़ा में !

ग्राउंड फ्लोर पर बस, पहली मंजिल पर ओला-उबर और टॉप फ्लोर पर होगा मल्टीप्लेक्स
Howrah Station Bus Terminus Revamp: Multi-Level Transport Hub Planned
हावड़ा स्टेशन इलाके में परिदर्शन करते राज्य मंत्री उमेश राय, डीएम पी. दीपाप प्रिया, हावड़ा नगरनिगम की कमिश्नर तेजस्वी राणा व अन्य अधिकारी
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा स्टेशन से देश के कोने-कोने के लिए ट्रेनें छूटती हैं, जहां रोजाना सुबह से लेकर रात तक हजारों यात्रियों की आवाजाही लगी रहती है। हालांकि, लंबे समय से हावड़ा स्टेशन का बस टर्मिनस जर्जर हालत में पड़ा हुआ है। अब राज्य सरकार ने इसे पूरी तरह आधुनिक रूप देने की योजना बनाई है। सोमवार को हावड़ा स्टेशन से सटे बस टर्मिनस क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए शहरी विकास राज्य मंत्री उमेश राय ने इस महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की।

मार्केट, मल्टीप्लेक्स और सिनेप्लेक्स से लैस होगा मल्टी-लेवल ट्रांसपोर्ट हब

वर्तमान बस टर्मिनस के जर्जर बुनियादी ढांचे, टूटी छत और गंदगी के कारण यात्रियों को होने वाली परेशानियों का जिक्र करते हुए मंत्री ने बताया कि सबसे पहले एक अस्थायी बस स्टैंड तैयार करने का काम शुरू होगा, जिसकी रूपरेखा बन चुकी है। इसके बाद एक विशाल और अत्याधुनिक बस टर्मिनस का निर्माण किया जाएगा। उमेश राय के अनुसार, भविष्य में हावड़ा बस टर्मिनस को एक ''मल्टी-लेवल ट्रांसपोर्ट हब'' के रूप में विकसित करने की योजना है। इस योजना के तहत ग्राउंड फ्लोर, बसों के संचालन और स्टैंड के लिए समर्पित रहेगा। पहली मंजिल पर टैक्सियों के साथ-साथ ओला, उबर और रैपिडो जैसी ऐप-कैब सेवाओं की पार्किंग और पिकअप व्यवस्था होगी। ऊपरी मंजिलों में खरीदारी के लिए मार्केट, मल्टीप्लेक्स और सिनेप्लेक्स बनाए जाएंगे।

अंतरराष्ट्रीय स्तर के लुक के लिए गठित होगी विशेष टास्क फोर्स

यह एक बड़ा और व्यापक प्रोजेक्ट है, इसलिए विशेषज्ञों की सलाह लेकर अंतिम विस्तृत योजना (DPR) तैयार की जाएगी। इस परियोजना को साकार करने के लिए रेलवे, केएमडीए, हावड़ा नगर निगम और जिला प्रशासन के साथ मिलकर एक संयुक्त कार्य योजना बनाई जाएगी और एक विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि मुख्य लक्ष्य यह है कि जब यात्री हावड़ा स्टेशन पर उतरें, तो उन्हें महसूस हो कि वे किसी आधुनिक अंतरराष्ट्रीय शहर में आ गए हैं। इसी उद्देश्य से बस टर्मिनस का कायाकल्प करने की तैयारी की जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in