

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : शेयर बाजार में भारी मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये ऐंठने और फिर फरार हो जाने का एक बड़ा मामला सामने आया है। हावड़ा के शिवपुर निवासी एक युवक पर लगभग 4 हजार निवेशकों से 80 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी की पहचान शिवपुर के मंदिरतला स्थित राममोहन मुखर्जी लेन निवासी सौम्यजीत काड़ार के रूप में हुई है। पीड़ित निवेशकों के अनुसार, सौम्यजीत ने 'आजार इंटरनेशनल' नाम की एक कंपनी बनाई थी। उसने दावा किया था कि कंपनी के जरिए शेयर बाजार में पैसे लगाने पर हर महीने 2 प्रतिशत की दर से ब्याज मिलेगा और मूल रकम सुरक्षित रहेगी। इस प्रलोभन में आकर बंगाल के विभिन्न जिलों के अलावा बेंगलुरु जैसे अन्य राज्यों के लगभग 4,000 लोगों ने लाखों रुपये निवेश कर दिए।
पीड़ितों ने लगाया आरोप, मामले में नहीं दिखायी गयी गंभीरता
शुरुआत में कुछ महीनों तक लाभांश मिला, लेकिन इस साल जनवरी से भुगतान बंद हो गया। बताया गया है कि शुक्रवार को परेशान निवेशकों ने जब आरोपी को फोन करना शुरू किया तो उसका फोन स्विच ऑफ मिला और दक्षिण बाकसाड़ा लेन स्थित उसका दफ्तर भी बंद पाया गया। अंततः तंग आकर पीड़ितों ने आरोपी के घर के बाहर जमकर प्रदर्शन किया और उसके पिता सुरजीत काड़ार को घेर लिया। इसकी जानकारी पाकर मौके पर पहुंची शिवपुर थाना पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने 31 जुलाई को ही थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोपी के पिता का कहना है कि उन्हें बेटे के इस काम की कोई जानकारी नहीं है। इस बीच, आरोपी की राज्य स्तर के वामपंथी नेताओं के साथ तस्वीरें सामने आने से राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।