शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी, 6 गिरफ्तार

25 महीने में रकम दोगुनी करने का देते थे प्रलोभन
Howrah Share Market Fraud: 6 Arrested for Cheating Investors of ₹16.5 Crore
प्रेस कांफ्रेंस करते हावड़ा पुलिस कमिश्नरेट के डीसीडीडी राहुल मिश्रा, साथ हैं एसीपी डीडी संबीती चक्रवर्ती
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा और 25 महीने में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने वाले गिरोह का हावड़ा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले की जानकारी हावड़ा कमिश्नरेट के डीसीडीडी राहुल मिश्रा और एसीपी संबीती चक्रवर्ती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में मुख्य आरोपी दंपति है। पुलिस के मुताबिक, बेंटरा थाना कांड संख्या 40/26 दिनांक 8 अप्रैल 2026 के तहत दर्ज मामले की जांच में पता चला कि ब्लूमवेल्थ ब्रांड इक्यूटि ब्रोकर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सुजय कंजीलाल और नमिता कंजीलाल सहित कंपनी के कर्मचारियों ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों को आकर्षित किया। आरोप है कि मई 2024 में शिकायतकर्ता और उसके परिवार के सदस्यों से करीब 13 लाख रुपये निवेश कराए गए। आरोपियों ने निवेश की राशि 25 महीने में दोगुनी करने का भरोसा दिया था। शुरुआत में कुछ रिटर्न देकर निवेशकों का विश्वास जीता गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर कथित रूप से रकम हड़प ली गई।

हावड़ा, कोलकाता, पूर्व बर्दवान की कई थानों में है शिकायत

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कंपनी कथित तौर पर निवेश योजनाओं और अधिक रिटर्न का लालच देकर पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में लोगों से पैसे ले रही थी। पुलिस ने इस मामले में सुजय कंजीलाल (42), उसकी पत्नी सुद्रिशा कंजीलाल (37), नमिता कंजीलाल सहित कंपनी के कर्मचारियों तनुश्री बनर्जी, अनिरबान कुंडू और अविषेक पाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान 400 से अधिक लोगों के दस्तावेज पुलिस के हाथ लगे हैं। अब पुलिस इन संभावित पीड़ितों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, ताकि ठगी की वास्तविक राशि और पीड़ितों की संख्या का पता लगाया जा सके। पुलिस का अनुमान है कि ठगी की रकम मौजूदा आंकड़े से कहीं अधिक हो सकती है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के खिलाफ हावड़ा, कोलकाता और पूर्व बर्दवान सहित कई थानों में मामले दर्ज हैं। अब तक की जांच में करीब 16 करोड़ 54 लाख रुपये की कथित ठगी सामने आई है। मामले की जांच जारी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in