निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा जिले के श्यामपुर स्थित नाकोल ग्राम पंचायत के उपप्रधान सदानंद दास के घर पर शुक्रवार को गुस्साये लोगों ने जमकर तोड़फोड़ की। ग्रामीणों ने भ्रष्टाचार, आवास योजना में कथित परिवारवाद (पक्षपात) और अन्य अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उनके घर के बाहर प्रदर्शन किया। देखते ही देखते भीड़ ने घर में घुसकर खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए, सोफा समेत कई फर्नीचर बाहर निकालकर क्षतिग्रस्त कर दिए तथा बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलों में आग लगा दी। आरोप है कि उपप्रधान के परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी की गई और कपड़ों तक को जला दिया गया। घटना के समय सदानंद दास घर पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने बताया कि वह डॉक्टर को दिखाने बाहर गए थे, तभी उन्हें घटना की सूचना मिली।
तनाव को देखते हुए पुलिस पिकेट बैठाई गई
उनके अनुसार यह हमला पूरी तरह सुनियोजित था और इससे घर को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने घटना को लेकर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही। दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही श्यामपुर थाने की पुलिस टीम और रैफ मौके पर पहुंच गई तथा स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में अब तक 8 लोगों को हिरासत में लिया है। पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।