निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के उलुबेड़िया के श्यामपुर-1 ब्लॉक स्थित बेलाड़ी ग्राम पंचायत के पूर्व वासुदेवपुर प्राथमिक विद्यालय का अस्तित्व नदी कटाव के कारण संकट में है। अप्रैल साल 2022 में हुगली नदी के भीषण कटाव की वजह से करीब 300 मीटर तटबंध और सड़क नदी में समा गए थे, जिससे स्कूल की दीवारों में दरारें आ गई थीं। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने मुख्य भवन को बंद कर दिया था, जिसके बाद से पिछले चार सालों से यह स्कूल स्थानीय ''युवशक्ति समिति'' के क्लब घर में अस्थायी रूप से चल रहा है।
एक ही कमरे में 65 बच्चे और खुले में मिड-डे मील का खाना
क्लब के मात्र एक कमरे में शिशु श्रेणी से लेकर चौथी कक्षा तक के 65 छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने को मजबूर हैं। तीन शिक्षक-शिक्षिकाएं एक साथ एक ही कमरे में कक्षाएं लेते हैं, जिससे पढ़ाई में काफी बाधा आती है। इसके अलावा, भवन की कमी के कारण मिड-डे मील का भोजन भी क्लब के बाहर खुले आसमान के नीचे तिरपाल टांगकर पकाना पड़ता है। वासुदेवपुर और आसपास के गांवों के बच्चे इस बदहाली के बीच शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
विधायक का निरीक्षण और बीडीओ को कार्रवाई का निर्देश
शिक्षकों और अभिभावकों का कहना है कि नए भवन के लिए प्रशासन ने कई बार निरीक्षण तो किया, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। रविवार को श्यामपुर के विधायक हिरण्मय चट्टोपाध्याय ने इलाके का दौरा किया और अभिभावकों से बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों का इतने लंबे समय तक क्लब में पढ़ना सही नहीं है। विधायक ने श्यामपुर-1 ब्लॉक के बीडीओ को मामले में हस्तक्षेप करने और बच्चों के लिए किसी बेहतर वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।