निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : दुर्गा पूजा से ठीक पहले हावड़ा जिला प्रशासन ने सांकराइल ब्लॉक की खस्ताहाल और गड्ढों से भरी सड़कों की मरम्मत कराने की दिशा में बड़ी पहल की है। मानसून की बारिश के कारण इलाके की सड़कें काफी क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं, जिससे स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
47 खस्ताहाल सड़कों की सूची तैयार
स्थानीय निवासियों के अनुसार, मानिकपुर थाना से सारेंगा पंचायत जाने वाले मार्ग सहित कई मुख्य रास्ते जल परियोजना की पाइपलाइन बिछाने के बाद से ही बदहाल थे। गड्ढों की वजह से आए दिन टोटो पलटने और स्कूली बच्चों के घायल होने जैसी दुर्घटनाएं हो रही थीं। समस्या की गंभीरता को देखते हुए ब्लॉक प्रशासन ने सांकराइल की सबसे ज्यादा जर्जर 47 सड़कों की सूची तैयार कर जिला प्रशासन को भेजी है, जिसमें आंदुल रोड से जुड़ने वाले प्रमुख मार्ग भी शामिल हैं।
दुर्गा पूजा से पहले मरम्मत का आश्वासन
ब्लॉक प्रशासन के अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों को आश्वासन दिया है कि त्योहारों का मौसम शुरू होने से पहले ही सभी 47 चिन्हित सड़कों का मरम्मत कार्य पूरा कर लिया जाएगा। प्रशासन के इस दावे से पूजा के दौरान सुगम यातायात और लोगों को गड्ढामुक्त सड़कों से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।