निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा दक्षिण क्षेत्र स्थित मौखाली हलदारपाड़ा के हजारों निवासी पिछले लगभग 40 वर्षों से बुनियादी संपर्क मार्ग के अभाव में जान जोखिम में डालकर रेल पुल व रेल लाइन के सहारे आवाजाही करने को मजबूर हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर मरीजों और यहां तक कि अंतिम यात्रा के लिए शव ले जाने तक के लिए लोगों को रेलवे पुल पार करना पड़ता है। क्षेत्र की कई सड़कें आज भी कच्ची हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।हावड़ा नगर निगम के 46 नंबर वार्ड के अंतर्गत आने वाले इस इलाके के निवासियों की शिकायतों के बाद राज्य सरकार के विभिन्न विभागों ने समस्या के समाधान की दिशा में पहल शुरू की है। इस क्रम में रेलवे, जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र का दौरा किया तथा स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना।
600 परिवारों की समस्या के समाधान पर मंथन
अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर संभावित समाधान पर विचार-विमर्श किया। क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे स्थानीय भाजपा नेता एवं विधानसभा चुनाव में दक्षिण हावड़ा से भाजपा प्रत्याशी रहे श्यामल हाती ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने लोगों को इस लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में राज्य सरकार और रेलवे अधिकारियों को पत्र भेजा गया था, जिसके बाद अधिकारी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्षों से रेल लाइन पार करते समय कई लोग ट्रेन की चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं, जिनमें स्कूली छात्र भी शामिल हैं। उनका कहना है कि नगर निगम और जिला प्रशासन से कई बार गुहार लगाने के बावजूद समाधान नहीं निकला। इलाके में लगभग 600 परिवार रहते हैं, जिन्हें अब उम्मीद है कि उनकी चार दशक पुरानी समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।