हावड़ा के रामेश्वरपुर प्राथमिक विद्यालय ने स्थापित की नई मिसाल

सीसीटीवी, डिजिटल क्लासरूम और लाइव ऐप ट्रैकिंग से निजी स्कूलों को मिल रही कड़ी टक्कर
Howrah Rameshwarpur Primary School Tech Model: CCTV App Tracking for Parents
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा जिले के श्यामपुर ब्लॉक स्थित रामेश्वरपुर प्राथमिक विद्यालय ने ग्रामीण शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश की है। यह सरकारी स्कूल आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल में कई निजी स्कूलों को पीछे छोड़ रहा है। पूरे परिसर और कक्षाओं को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। इसके अलावा स्मार्ट डिजिटल क्लासरूम और बेहतरीन साउंड सिस्टम के जरिए बच्चों को आधुनिक तरीके से पढ़ाया जा रहा है।

अभिभावकों के लिए विशेष ऐप और लाइव निगरानी

अक्सर देखा जाता है कि मामूली बीमारी या हल्के बुखार के कारण बच्चे कई दिनों तक स्कूल नहीं आते, जिससे उनकी पढ़ाई का नुकसान होता है। इस समस्या से निपटने के लिए प्रधानाध्यापक सौरदीप जाना की पहल पर अभिभावकों के लिए एक विशेष ऑनलाइन ऐप शुरू किया गया है। इसके जरिए अभिभावक घर बैठे ही अपने मोबाइल पर सीसीटीवी फुटेज देखकर स्कूल में अपने बच्चे के स्वास्थ्य और गतिविधि पर नजर रख सकते हैं।

उपस्थिति में सुधार और शीर्ष 10 में स्थान

स्कूल प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सिर्फ सुरक्षा बढ़ाना ही नहीं, बल्कि तकनीक के माध्यम से ड्रॉप-आउट दर को कम करना और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है। साल भर विभिन्न उत्सवों में शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी से एक मजबूत सामंजस्य बना है। इन नवाचारों के चलते श्यामपुर साउथ सर्किल के 74 प्राथमिक विद्यालयों में से इस स्कूल ने शीर्ष 10 में अपना स्थान बनाया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in