हावड़ा में सरकारी जमीन से हटाना होगा अतिक्रमण, दी गयी नोटिस

10 दिनों में हावड़ा मैदान से बाली खाल तक हटाने होंगी अवैध दुकानें
Howrah PWD Eviction Notice: 10 Days to Clear GT Road Encroachments
जारी की गयी नोटिस
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : पीडब्ल्यूडी के हावड़ा सब-डिविजन ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए अतिक्रमण हटाने की नोटिस जारी की है। सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी, हावड़ा सब-डिविजन की ओर से जारी इस नोटिस में सरकारी भूमि पर बिना अनुमति कब्जा करने वाले सभी लोगों को 10 दिनों के भीतर स्वयं अपना अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है। नोटिस के अनुसार, यह कार्रवाई जीटी रोड पर हावड़ा मैदान से बाली खाल तक के क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के संबंध में की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो संबंधित विभाग बिना किसी अतिरिक्त सूचना के अभियान चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर देगा।

सड़क के मरम्मत कार्य को मिलेगी गति !

पीडब्ल्यूडी ने यह भी कहा है कि अतिक्रमण हटाने के दौरान सरकारी भूमि पर मौजूद सभी अस्थायी या स्थायी ढांचे, सामान और अन्य वस्तुओं को हटाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जब्त अथवा नष्ट भी किया जा सकता है। ऐसे में संबंधित लोगों को समय रहते स्वयं कब्जा हटाने की सलाह दी गई है। इस नोटिस की प्रतिलिपि हावड़ा नगर निगम के आयुक्त, भूमि एवं भूमि सुधार विभाग के अधिकारियों तथा हावड़ा, गोलाबाड़ी, मालीपांचघड़ा, बाली और बेलूड़ थाना के प्रभारी अधिकारियों को भी भेजी गई है, ताकि अभियान के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस सहयोग सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद जीटी रोड के मरम्मत कार्य को भी गति मिलेगी। जिला प्रशासन द्वारा पहले ही सड़क निर्माण की घोषणा की जा चुकी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in