हावड़ा में संपत्ति कर पर लागू होगी वेवर स्कीम !

ब्याज-पेनाल्टी में दी जा सकती है 100% छूट,पूजा से पहले लागू हो सकती है योजना, कैबिनेट बैठक में होगा अंतिम फैसला
Howrah Property Tax Waiver Scheme: 100% Penalty Waiver Ahead of Puja
सांकेतिक फोटो
Published on

                

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा नगर निगम चुनाव से पहले संपत्ति कर को लेकर राज्य सरकार की ओर से बड़ा ऐलान किया गया है। हावड़ा नगर निगम क्षेत्र के निवासियों के लिए लंबे समय से लंबित संपत्ति कर के भुगतान को आसान बनाने के उद्देश्य से वेवर स्कीम लागू की जाएगी। राज्य के शहरी विकास विभाग के राज्यमंत्री उमेश राय ने मंगलवार को हावड़ा में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूजा से पहले ही हावड़ा नगर निगम क्षेत्र में यह योजना लागू करने की तैयारी है। हालांकि, योजना को लेकर अंतिम निर्णय बुधवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में होने वाली कैबिनेट बैठक में लिया जाएगा।

राज्यमंत्री ने बताया कि लंबे अंतराल के बाद हावड़ा नगर निगम में वेवर स्कीम शुरू की जा रही है। इसका लाभ उन करदाताओं को मिलेगा, जिन्होंने लंबे समय से नगर निगम का संपत्ति कर जमा नहीं किया है। लंबे समय तक कर जमा नहीं होने के कारण बकाया राशि के साथ ब्याज और पेनाल्टी भी जुड़ती चली गई है। ऐसे नागरिकों को राहत देने के लिए सरकार ने यह पहल की है।

ब्याज और पेनाल्टी पर दी जायेगी पूरी छूट

प्रस्तावित योजना के तहत बकाया संपत्ति कर पर लगने वाले ब्याज और पेनाल्टी में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। इसके साथ ही मूल कर की राशि पर भी 10 प्रतिशत की छूट देने का प्रावधान रखा गया है। हालांकि, इस सुविधा का लाभ लेने के लिए करदाता को निर्धारित बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान करना होगा। सरकार का मानना है कि इससे लंबे समय से कर बकाया रखने वाले लोगों को एक साथ अपना हिसाब चुकता करने का अवसर मिलेगा।

चुनाव से जोड़कर देखने पर मंत्री ने यह कहा

वेवर स्कीम की घोषणा को आगामी हावड़ा नगर निगम चुनाव से जोड़कर देखे जाने के सवाल पर मंत्री उमेश राय ने कहा कि इस निर्णय का चुनाव से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य नागरिकों को राहत देने के साथ नगर निगम की कर वसूली को बेहतर बनाना और लोगों को बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। योजना लागू होने के बाद लंबे समय से बकाया संपत्ति कर का भुगतान करने वाले नागरिकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in