NH-16 पर जाम से निपटने को हावड़ा पुलिस का बड़ा प्लान

ओवरब्रिज से सर्विस रोड तक सुधार का प्रस्ताव,रानीहाटी और अंकुरहाटी में यातायात सुगम बनाने पर जोर
Howrah Police Action Plan to Fix NH-16 Traffic Congestion
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: राष्ट्रीय राजमार्ग-16 (NH-16) पर रोज-रोज की जाम की समस्या से निपटने के लिए हावड़ा सिटी पुलिस ने एक व्यापक योजना तैयार कर प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे हैं। पुलिस का मानना है कि केवल ट्रैफिक कंट्रोल करने के बजाय सड़क की मौजूदा व्यवस्था में स्थायी बदलाव और वैकल्पिक मार्ग विकसित करना समय की जरूरत है।

पुलिस के मुख्य प्रस्तावों में रानीहाटी और अंकुरहाटी जैसे व्यस्त इलाकों में ओवरब्रिज और पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए फुटब्रिज का निर्माण शामिल है। इससे न केवल दुर्घटनाओं पर लगाम लगेगी, बल्कि हाईवे पर वाहनों की रफ्तार भी बनी रहेगी। इसके अलावा, ट्रैफिक के दबाव को घटाने के लिए टोटो, ऑटो और छोटे वाहनों को मुख्य हाईवे से हटाकर सर्विस रोड पर स्थानांतरित करने का सुझाव दिया गया है।

टोटो-ऑटो को मुख्य मार्ग से हटाने की तैयारी

हालांकि, इसके लिए पहले सर्विस रोड की मरम्मत और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना होगा। प्रस्ताव में अवैध वाहन स्टैंडों को हटाने और अनियंत्रित पार्किंग पर रोक लगाने की बात भी प्रमुखता से कही गई है। रानीहाटी, सलप, अंकुरहाटी और कोना मोड़ पर ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर करने की योजना है। हावड़ा पुलिस के अनुसार, राज्य सचिवालय 'नवान्न' व संबंधित विभागों से मंजूरी मिलते ही इस योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, जिससे आम यात्रियों को भारी राहत मिलेगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in