

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: हावड़ा सिटी पुलिस महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। इसी कड़ी में पुलिस की विशेष रूप से प्रशिक्षित महिला टीम ‘दुर्गा वाहिनी’ ने दुर्गा पूजा के पहले ही सड़कों पर उतरकर मोर्चा संभाल लिया है। यह टीम न सिर्फ शहर के महत्वपूर्ण इलाकों, शैक्षणिक संस्थानों, बाजारों और बस स्टैंडों पर गश्त कर रही है, बल्कि आम महिलाओं से सीधे संवाद कर उनकी राय भी ले रही है। हाल ही में दुर्गा वाहिनी की सदस्यों को जोगेशचंद्र बालिका विद्यालय, श्री जैन विद्यालय सहित कई स्कूलों के बाहर और हावड़ा मैदान जैसे व्यस्त इलाकों में गश्त करते देखा गया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने राह चलती महिलाओं, छात्राओं और अभिभावकों से बात कर उनकी सुरक्षा और समस्याओं की जानकारी ली। पुलिस यह सुनिश्चित कर रही है कि कहीं भी महिलाओं से छेड़छाड़ या असामाजिक गतिविधियां न हों।
अपराध रोकना ही मुख्य लक्ष्य
शहरी निवासियों, विशेषकर कामकाजी महिलाओं और छात्राओं ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि महिला पुलिस टीम की मौजूदगी से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, अपराध होने के बाद कार्रवाई करने से बेहतर अपराध को रोकना है। त्योहार के सीजन में महिलाएं सुरक्षित रूप से खरीदारी और सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल हो सकें, इसी उद्देश्य से दुर्गा वाहिनी आगामी दिनों में भी अन्य पुलिस इकाइयों के साथ समन्वय बनाकर लगातार गश्त जारी रखेगी।