हावड़ा में चोर के संदेह में व्यक्ति की पीटकर हत्या, 2 गिरफ्तार

लिलुआ थाना क्षेत्र में कारखाने के पास हुई घटना से मचा हड़कंप, पुलिस ने शुरू की जांच                
Howrah Police Commissioner Inspects Crime Scene; Two Arrested in Murder Investigation
सांकेतिक फोटो
Published on

 निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: लिलुआ थाना क्षेत्र में चोरी के संदेह में एक युवक की कथित तौर पर सामूहिक पिटाई से मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान उत्तरपाड़ा निवासी राज कुमार चौहान (43) के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने दो युवकों शुभजीत पटेल और सुमित पासवान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।

कारखाने में चोरी के शक में पकड़ा गया था !

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लिलुआ थाना संलग्न इलाके में स्थित एक कारखाने में चोरी करने के संदेह में राज कुमार चौहान को कुछ लोगों ने पकड़ लिया था। आरोप है कि इसके बाद उसकी सामूहिक पिटाई की गई। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शव को कथित तौर पर किसी दूसरे स्थान पर ले जाने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मामले की सूचना मिली। सूचना मिलते ही लिलुआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। बाद में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

पुलिस आयुक्त ने घटनास्थल का किया मुआयना

घटना की खबर मिलते ही हावड़ा के पुलिस आयुक्त अखिलेश चतुर्वेदी सहित पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी ली। पुलिस आयुक्त ने बताया कि यह हत्या का मामला है और इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस की ओर से घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भेजी जाने की भी बात कही गई है। टीम मौके से आवश्यक नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में और कितने लोग शामिल थे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in