

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा ग्रामीण जिला पुलिस की क्राइम टीम ने उलूबेड़िया थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के मोबाइल फोन के नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक व्यक्ति को धर दबोचा और उसके पास से विभिन्न कंपनियों के 47 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए।
गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम टीम ने चलाया अभियान
पुलिस को क्षेत्र में चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री में शामिल एक संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही की सटीक खबर मिली थी। इस जानकारी पर तुरंत संज्ञान लेते हुए क्राइम टीम ने उलूबेड़िया में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में मोबाइल फोन मिले, जिन्हें जब्त कर उलूबेड़िया थाने में मामला दर्ज किया गया है।
गैंग के नेटवर्क और मोबाइल के मालिकों की तलाश जारी
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इन मोबाइलों के वास्तविक मालिकों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही, इस बात की भी जांच की जा रही है कि आरोपी यह फोन कहां से लाता था और इस गिरोह में कौन-कौन से अन्य लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में कुछ और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।