हावड़ा में पंचायत प्रधान के चुनाव को लेकर बवाल

टीएमसी-आईएसएफ कार्यकर्ताओं में झड़प
Clash in Howrah Over Panchayat Pradhan Election, Mahua Maity Elected
सांकेतिक फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के पांचला विधानसभा क्षेत्र के जगतबल्लभपुर स्थित तृणमूल कांग्रेस संचालित पोलगुस्तिया ग्राम पंचायत में मंगलवार को प्रधान के चुनाव के दौरान तनाव फैल गया। पंचायत कार्यालय के बाहर आईएसएफ कार्यकर्ताओं के जुटने के बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ उनकी हाथापाई हो गई। स्थिति बिगड़ने पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स को मौके पर तैनात किया गया। पोलगुस्तिया ग्राम पंचायत में कुल 20 सदस्य हैं और सभी तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित हुए थे। पंचायत में विपक्ष का कोई सदस्य नहीं है। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद अधिकांश तृणमूल सदस्यों ने तत्कालीन प्रधान शेख निजामुद्दीन के खिलाफ अविश्वास जताया था।

17 टीएमसी सदस्यों ने महुआ माइती को चुना नया प्रधान

इसके बाद मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच नए प्रधान का चुनाव कराया गया। चुनाव के दौरान आईएसएफ कार्यकर्ता पंचायत कार्यालय के बाहर जमा हुए थे। आईएसएफ ने आरोप लगाया कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की। हालांकि, तृणमूल की ओर से इस आरोप को खारिज किया गया है। पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया। चुनाव में 17 तृणमूल सदस्यों ने महुआ माइती के पक्ष में मतदान किया और उन्हें नया प्रधान चुना। महुआ माइती ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से प्रधान बदला गया है। सदस्यों ने भी राज्य सरकार के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास कार्य आगे बढ़ाने की बात कही।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in