निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के पांचला थाना क्षेत्र की गंगाधरपुर ग्राम पंचायत में पंचायत फंड में कथित वित्तीय अनियमितता के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के पंचायत प्रधान उत्पल दलपति और पंचायत सदस्य अंजलि दास को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों को रविवार देर रात गंगाधरपुर स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया। सोमवार को उन्हें हावड़ा अदालत में पेश किया गया। पुलिस जब दोनों आरोपियों को पांचला थाने से बाहर लेकर निकली, तब बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पंचायत प्रधान उत्पल दलपति पर अंडे फेंके गए और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
कोर्ट ले जाते समय हुआ विरोध-प्रदर्शन
भाजपा का आरोप है कि विधानसभा चुनाव से पहले आमादेर पाड़ा, आमादेर समाधान परियोजना के तहत क्षेत्र के विकास के लिए 10 लाख रुपये आवंटित किए गए थे। आरोप है कि इनमें से केवल लगभग 2 लाख रुपये दो नालियों के निर्माण पर खर्च किए गए, जबकि शेष 8 लाख रुपये के खर्च का कोई स्पष्ट हिसाब नहीं दिया गया। रविवार को पंचायत में हुई बैठक के दौरान ग्रामीणों ने खर्च का विवरण मांगा, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पांच लोगों के खिलाफ पांचला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, पंचायत प्रधान उत्पल दलपति ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उनका किसी भी प्रकार के वित्तीय भ्रष्टाचार से कोई संबंध नहीं है।