दुर्गापूजा से पहले हावड़ा में तारों को व्यवस्थित करने की तैयारी

नगर निगम आयुक्त ने ISP, CESC और WBSEDCL के साथ की समन्वय बैठक
Howrah Municipal Corporation Prepares Overhead Cable Cleanup Before Durga Puja
शहर में बिजली और संचार व्यवस्था को सुरक्षित किये जाने को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करतीं हावड़ा नगरनिगम की कमिश्नर तेजस्वी राणा
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : आगामी दुर्गापूजा के मद्देनजर हावड़ा नगर निगम ने शहर में बिजली और संचार व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की कवायद शुरू कर दी है। हावड़ा नगर निगम के आयुक्त की अध्यक्षता में ISP, CESC, WBSEDCL समेत संबंधित विभागों और एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहार के दौरान नागरिकों की सुरक्षा और व्यवस्थित बुनियादी ढांचे को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बेतरतीब ढंग से लगे अनधिकृत तारों को व्यवस्थित तरीके से हटाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही मौजूदा केबल और बिजली नेटवर्क के उचित रखरखाव को लेकर संबंधित एजेंसियों को समन्वय के साथ काम करने की आवश्यकता बताई गई। नगर निगम का उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान बिजली से जुड़े संभावित हादसों को रोकना और आम लोगों की आवाजाही को सुरक्षित बनाना है। इसके अलावा तारों के जाल से होने वाली अव्यवस्था को कम कर शहर के बुनियादी ढांचे को भी व्यवस्थित करने की योजना है।

अवैध तार हटाने और नेटवर्क के रखरखाव पर जोर

प्रशासन का मानना है कि पूजा के दौरान शहर में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। ऐसे में बिजली और इंटरनेट सेवा से जुड़े नेटवर्क को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल से समय पर समस्याओं का समाधान करने और नागरिकों को परेशानी से बचाने की कोशिश की जाएगी। यह पहल हावड़ा में सुरक्षित, स्वच्छ और सुचारु दुर्गापूजा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in