हावड़ा में गलत इलाज से युवक की मौत का आरोप, नर्सिंग होम मालिक गिरफ्तार

Howrah News: Youth Dies After Anesthesia; Nursing Home Owner Arrested
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा के पांचला थाना अंतर्गत पनियाड़ा स्थित एक निजी नर्सिंग होम में एनेस्थीसिया दिए जाने के तुरंत बाद 32 वर्षीय युवक दीपू साना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक गंगाधरपुर का निवासी था। परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांचला थाना पुलिस ने नर्सिंग होम के मालिक मोयाज्जेम मल्लिक को गिरफ्तार कर लिया है।

ठोड़ी की सर्जरी के लिए कराया गया था भर्ती, एनेस्थीसिया देते ही बिगड़ी तबीयत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व एक सड़क हादसे में दीपू की ठोड़ी पर चोट लग गई थी। इसी के ऑपरेशन के लिए शनिवार शाम उसे नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। आरोप है कि ऑपरेशन थिएटर में जैसे ही उसे अचेत करने का इंजेक्शन (एनेस्थीसिया) दिया गया, उसकी स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी। नर्सिंग होम प्रबंधन ने आपातकालीन स्थिति में सही उपचार देने के बजाय परिजनों को मरीज को तुरंत कहीं और ले जाने की सलाह दी, लेकिन थोड़ी ही देर में उसने दम तोड़ दिया।

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, परिसर में हुआ भारी हंगामा

परिजनों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व जांच-पड़ताल और एनेस्थीसिया के मानकों का पालन किए बिना दीपू को इंजेक्शन दिया गया, जिससे उसकी जान चली गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में तनाव व्याप्त हो गया और परिजनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in