निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा के अंकुरहाटी इलाके में आज 16 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रशासन का बड़ा एक्शन देखने को मिला। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और डोमजुड़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर सड़क किनारे फैले अवैध कब्जों को हटाने के लिए बड़े पैमाने पर बुलडोजर अभियान चलाया।
जाम और हादसों से राहत दिलाने को चला बुलडोजर
पिछले एक दशक में इस हाईवे के दोनों ओर बड़े पैमाने पर अवैध दुकानें, होटलों के विस्तार और विभिन्न संस्थानों के अनधिकृत कार्यालय बन गए थे। इसके चलते आम जनता को रोजाना भीषण ट्रैफिक जाम और जानलेवा सड़क दुर्घटनाओं से जूझना पड़ता था। नई सरकार के गठन के बाद राज्य प्रशासन और राजमार्ग प्राधिकरण ने इस समस्या पर कड़ा रुख अपनाया है। आज चलाए गए इस अभियान के तहत दर्जनों अवैध ढांचों को ध्वस्त कर पूरी तरह सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
मिलावटी सामान पर कसने लगा खाद्य विभाग का शिकंजा
हाईवे को साफ करने के साथ-साथ प्रशासन ने जनस्वास्थ्य सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया। इसी दौरान खाद्य विभाग की टीम ने अंकुरहाटी इलाके की विभिन्न दुकानों और होटलों पर अचानक छापेमारी की। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने और मिलावटखोरी पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह जांच अभियान चलाया गया। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा और हाईवे पर सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए ऐसे सख्त कदम आगे भी जारी रहेंगे।