साड़ी में लिपटा मिला युवक का शव, बिहार का युवक हुआ गिरफ्तार

 Howrah Murder Case: Youth Body Found in Saree at Dhulagarh, One Arrested
संवाददाताओं को संबोधित करते डीसी साउथ गणेश विश्वास
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : धूलागढ़ ट्रक टर्मिनल के पास मंगलवार की सुबह एक युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी गोपाल सरकार (37) के रूप में हुई है। हावड़ा सिटी पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर कार्रवाई करते हुए हत्या के अभियुक्त हैप्पी कुमार सिंह को गिरफ्तार कर बुधवार को उसे कोर्ट में पेश किया। हैप्पी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है।

गमछे से घोंटा गला, पुरानी दुश्मनी की आशंका

डीसीपी (दक्षिण) गणेश विश्वास ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना और सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच करने के बाद अभियुक्त को दबोचा। शुरुआती तफ्तीश से पता चला है कि गोपाल सरकार की हत्या गमछे से गला घोंटकर की गई थी। पुलिस का अनुमान है कि इस वारदात के पीछे कोई पुरानी या व्यक्तिगत दुश्मनी हो सकती है। हालांकि इस हत्याकांड ने उस वक्त एक बेहद अजीब मोड़ ले लिया, जब पुलिस को मृतक का शव साड़ी पहने हुए मिला।

युवक के शरीर पर साड़ी का होना इलाके में भारी चर्चा और सस्पेंस का विषय बना हुआ है। पुलिस अब इस अनोखे पहलू को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस घटना के तार किसी देह व्यापार गिरोह या अन्य किसी गुप्त आपराधिक गतिविधि से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों और समय का पता लगाया जा सके। वहीं हैप्पी से भी पुलिस पूछताछ कर पता लगायेगी कि इस मामले में और कोई शामिल है या नहीं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in