प्लास्टिक कैरीबैग इस्तेमाल किया तो लगा 200 रु. का स्पॉट फाइन!

सालकिया में निगम का औचक अभियान
Howrah Municipal Corporation Imposes Spot Fine for Plastic Carry Bag Use in Salkia
फाइल फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ शहर बनाने के उद्देश्य से हावड़ा नगर निगम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। राज्य सरकार के निर्देश पर 1 सितंबर से चल रहे जागरूकता और निगरानी अभियान के तहत निगम की टीम ने सालकिया के हरगंज बाजार में औचक अभियान चलाया। अभियान के दौरान दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग रखने और उसका इस्तेमाल करने वाले कई दुकानदारों को पकड़ा गया। नगर निगम की टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए प्रत्येक मामले में 200 रुपये का स्पॉट फाइन लगाया। इसके अलावा खुले में कचरा फेंकने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है।

मोबाइल ऐप से डिजिटल चालान

नगर निगम कर्मियों के पास मौजूद विशेष मोबाइल ऐप के जरिए जुर्माने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसमें नियम उल्लंघन की जानकारी और संबंधित दुकानदार का विवरण दर्ज कर डिजिटल तरीके से चालान काटा जा रहा है। निगम के अनुसार, 1 सितंबर से अब तक 100 से अधिक दुकानदारों पर जुर्माना लगाया जा चुका है। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने का आश्वासन दिया। निगम ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण और शहर को प्लास्टिक व कचरे से मुक्त रखने के लिए अभियान आगे भी विभिन्न बाजारों और इलाकों में जारी रहेगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in