हावड़ा नगर निगम चलाएगा ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान

अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना है निगम का उद्देश्य : तेजस्वी राणा
Howrah Municipal Corporation to Launch Seva Mera Yogdan Campaign
फाइल फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा नगर निगम की ओर से जनसेवा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 20 सितंबर से 6 अक्टूबर तक 17 दिवसीय ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत निगम क्षेत्र में रक्तदान शिविर, अंगदान संकल्प, योग एवं ध्यान सत्र, स्वच्छता व प्लास्टिक मुक्त जागरूकता, स्वास्थ्य जांच, पौधारोपण तथा पोषण एवं एनीमिया जागरूकता जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नगर निगम की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार महिलाओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, सड़क सुरक्षा, करियर परामर्श और वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे। इसके अलावा वृद्धाश्रमों का दौरा, दुर्गापूजा के दौरान नशामुक्ति जागरूकता, जरूरतमंद बच्चों के लिए शैक्षणिक सहयोग और जल संरक्षण एवं जलस्रोतों की सफाई जैसे कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा हैं।

अभियान के दौरान साइबर सुरक्षा जागरूकता, कचरा पृथक्करण एवं कंपोस्टिंग, फिट इंडिया खेल सत्र और मिनी मैराथन का भी आयोजन किया जाएगा। सैनिक सम्मान समारोह, दिव्यांगजनों को सहायता तथा मतदाता जागरूकता, पंजीकरण और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए भी कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। हावड़ा नगर निगम की कमिश्नर तेजस्वी राणा ने इस संबंध में कहा कि इन जनसेवा मूलक कार्यों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना निगम का उद्देश्य है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी क्षमता और रुचि के अनुसार जिस भी तरह समाज की सेवा कर सकते हैं, इस अभियान से जुड़कर अपना योगदान दें।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in