

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : हावड़ा नगर निगम और हावड़ा जिला शासक आवास के निकट स्थित गोलंबर (आइसलैंड) का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है। राज्य के मंत्री उमेश राय ने इस परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन ने इसके जीर्णोद्धार का पूरा खाका तैयार कर लिया है। इस स्थल को आधुनिक रूप से सजाने-संवारने के साथ-साथ यहाँ 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) फहराने की विशेष योजना बनाई गई है, जो पूरे क्षेत्र के मुख्य आकर्षण और पहचान का केंद्र बनेगा। मंत्री के अनुसार, इसके निर्माण की शुरुआती प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह गोलंबर लंबे समय से उपेक्षा का शिकार था और देखरेख के अभाव में इसकी स्थिति काफी खराब हो चुकी थी। असामाजिक तत्वों द्वारा सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की ग्रिल काट दिए जाने से यह इलाका देखने में भी बदरंग लगता था। अब प्रशासन द्वारा इसके सुन्दरीकरण और 100 फीट ऊंचे तिरंगे की स्थापना की खबर से स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है। माना जा रहा है कि इस परियोजना के पूरा होने से न केवल गोलंबर की सुंदरता लौटेगी, बल्कि आसपास के पूरे इलाके का स्वरूप भी पूरी तरह बदल जाएगा।