हावड़ा : रिंग रोड पर फुटपाथ के खाद्य दुकानों में निगम का अभियान

खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता की हुई जांच,फूड लाइसेंस को लेकर दुकानदारों को दी गई चेतावनी
Howrah Municipal Corporation Inspection Drive On Ring Road Food Stalls
हावड़ा में फुटपाथों पर खाद्य दुकानों में खाने की जांच करते अधिकारी
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: हावड़ा के डुमुरजला के पास रिंग रोड पर फुटपाथ किनारे चल रही खाद्य दुकानों में गुरुवार शाम हावड़ा नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानों में खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और गुणवत्ता की जांच की। अभियान का नेतृत्व डिप्टी कमिश्नर-1 सुप्रभात चटर्जी और सचिव अनूपम चक्रवर्ती ने किया। स्वास्थ्य विभाग के ओएसडी आशुतोष कुंडू भी अभियान में मौजूद रहे। अभियान के दौरान अधिकारियों ने फुटपाथ पर लगी विभिन्न खाद्य दुकानों का निरीक्षण किया। दुकानों में तैयार और मोजूद खाद्य पदार्थों की हाइजीन की जांच की गई। इसके साथ ही दुकानदारों द्वारा पहले से तैयार कर रखे गए भोजन की गुणवत्ता पर भी अधिकारियों ने नजर डाली।

1 सितंबर से फूड लाइसेंस अनिवार्य होने की जानकारी

यह भी देखा गया कि खाद्य पदार्थों को धूल, गंदगी और बाहरी प्रदूषण से बचाने के लिए ढककर रखा गया है या नहीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दुकानदारों से उनके फूड लाइसेंस के बारे में जानकारी मांगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों के लिए फूड लाइसेंस रखना जरूरी है। निगम की ओर से दुकानदारों को बताया गया कि 1 सितंबर से फूड लाइसेंस होना अनिवार्य होगा। निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की साफ-सफाई और सुरक्षित तरीके से रखने को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए। अभियान का उद्देश्य फुटपाथ पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ आम लोगों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना है। आने वाले दिनों में भी इस तरह की जांच जारी रहने के संकेत निगम की ओर से दिए गए हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in