

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: रक्षाबंधन के अवसर पर हावड़ा नगर निगम के युवा कल्याण एवं क्रीड़ा केंद्र की पहल पर कदमतला बस स्टैंड में राखी बंधन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री उमेश राय सहित नगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाईकर्मियों को सम्मानित किया। इस दौरान उनकी मेहनत और सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें राखी बांधी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्षाबंधन के माध्यम से समाज में प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करना रहा। आयोजन में इस बात पर जोर दिया गया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाईकर्मियों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। उनके सम्मान को रक्षाबंधन के सामाजिक संदेश से जोड़ते हुए सभी के बीच एकता और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया गया। हावड़ा जिला प्रशासन की ओर से शरत सदन में रक्षाबंधन उत्सव के साथ राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं सालकिया, लिलुआ, हावड़ा, बाली के कई विद्यालयों व संस्थानों में भी राखी पूर्णिमा के मौके पर कार्यक्रम हुआ। यहां छात्राओं, प्रधानाचार्या और शिक्षिकाओं ने अतिथियों की कलाई पर राखी बांधी। विद्यालय के बुनियादी ढांचे और शिक्षा के वातावरण को बेहतर बनाने के लिए विधायक क्षेत्र विकास परियोजना तथा निजी संस्थाओं के सहयोग से पहल करने की बात कही गई।
पुलिस ने भी चलाया जागरूकता अभियान
रक्षाबंधन के अवसर पर हावड़ा सिटी पुलिस, विभिन्न थानों और ट्रैफिक विभाग की ओर से भी राखी उत्सव आयोजित किया गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को राखी बांधकर सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया। वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, सावधानी से वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई।