‘हावड़ा में सभी सेवाएं ऑनलाइन होंगी’

पूजा से पहले करदाताओं को वेवर्स स्कीम की राहत
Howrah Municipal Corporation Online Services & Property Tax Waiver Scheme 2026
हावड़ा में संवाददाताओं को संबोधित करते शहरी विकास राज्य मंत्री उमेश राय, हावड़ा नगरनिगम की कमिश्नर तेजस्वी राणा
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा नगर निगम की सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन करने की दिशा में काम किया जा रहा है। राज्य के शहरी विकास राज्य मंत्री उमेश राय व हावड़ा नगरनिगम की कमिश्नर तेजस्वी ने कहा कि आने वाले समय में हावड़ा में लोगों को विभिन्न नागरिक सेवाओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि लोगों को घर बैठे सुविधाएं मिल सकें। मंत्री ने पूजा से पहले हावड़ा के करदाताओं के लिए हावड़ा म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन इंसेंटिव (वेवर्स ऑफ इंटरेस्ट एंड पेनल्टी टू प्रॉपर्टी टैक्स पेयर्स) स्कीम 2026 की भी जानकारी दी। योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही तक के मूल बकाया संपत्ति कर पर ब्याज और जुर्माने की 100 प्रतिशत राशि माफ की जाएगी। वहीं, आवासीय संपत्तियों के लिए मूल बकाया राशि पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत की छूट का प्रावधान किया गया है। योजना के दायरे में संपत्ति कर, हावड़ा बिजनेस टैक्स और सरचार्ज से संबंधित मूल बकाया राशि शामिल है। नगर निगम के अनुसार, करीब 1.90 लाख करदाता खातों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में लंबे समय से बकाया संपत्ति कर करीब 480 करोड़ रुपये है, जबकि योजना के माध्यम से करीब 200 करोड़ रुपये तक राजस्व संग्रह की उम्मीद है। वेवर्स योजना 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगी। करदाता यूडीएमए ओपीटिक्स पोर्टल के जरिए घर बैठे योजना का लाभ उठा सकेंगे। ऑनलाइन भुगतान में परेशानी होने पर हावड़ा नगर निगम के केंद्रीय कार्यालय और निर्धारित संग्रह केंद्रों पर भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। सहायता के लिए 7001531503 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।

काली पूजा के बाद दो श्मशान घाटों का होगा कायाकल्प

शहरी विकास मंत्री उमेश राय ने बताया कि काली पूजा के बाद सलकिया और शिवपुर श्मशान घाटों का कायाकल्प किया जाएगा। दोनों श्मशान घाटों के विकास और व्यवस्थाओं में सुधार की जिम्मेदारी प्रेरणा फाउंडेशन को सौंपी गई है। यहां नागरिकों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने और व्यवस्था को अधिक सुगम करने की दिशा में काम किया जाएगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in